`सैकड़ों समर्थकों और दर्जनों गाड़ियों के काफिले के साथ हुआ जोरदार अभिनंदन`
_रमेश ठाकुर - लौरिया (पश्चिम चंपारण)_
_दिनांक:- 30-05-2025_
बिहार प्रदेश महिला कांग्रेस की उपाध्यक्ष मंजूबाला पाठक ने शुक्रवार को लौरिया में कांग्रेस पार्टी के बिहार प्रदेश प्रभारी सचिव एवं अखिल भारतीय कांग्रेस कमिटी के सचिव श्री सुशील कुमार पासी का भव्य स्वागत किया। इस अवसर पर सैकड़ों समर्थक और दर्जनों वाहनों का काफिला मौजूद रहा, जिससे पूरा क्षेत्र कांग्रेसमय हो गया।
यह आयोजन न सिर्फ एक स्वागत समारोह था, बल्कि यह दिखाता है कि मंजूबाला पाठक के नेतृत्व में महिला कांग्रेस संगठन किस प्रकार से नरकटियागंज विधानसभा क्षेत्र में अपनी पकड़ मज़बूत कर रही है। पार्टी की मजबूती और जनसंपर्क अभियान के अंतर्गत आयोजित इस कार्यक्रम में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक नारे लगाए, फूल मालाएं अर्पित कीं और पासी जी का गर्मजोशी से अभिनंदन किया।
अपने स्वागत से अभिभूत होकर प्रदेश प्रभारी सुशील कुमार पासी ने मंच से मंजूबाला पाठक की सराहना करते हुए उन्हें भविष्य की नेता बताया। उन्होंने कहा कि मंजूबाला न सिर्फ महिलाओं की सशक्त आवाज़ हैं, बल्कि पार्टी के लिए एक समर्पित और प्रेरणादायी चेहरा भी बन चुकी हैं।
इस अवसर पर मंजूबाला पाठक ने घोषणा की कि वह आने वाले समय में "संविधान बचाओ", "नारी न्याय", और "पलायन रोको, नौकरी दो" जैसे आंदोलनों को और ज़्यादा मजबूती से आगे बढ़ाएँगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी की विचारधारा और जनहित के मुद्दों को जनता तक पहुँचाने के लिए वह पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं।
कार्यक्रम में कांग्रेस के कई वरीय नेताओं, महिला कांग्रेस की कार्यकर्ताओं, और स्थानीय जनता की बड़ी भागीदारी रही।


