Type Here to Get Search Results !

*स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूती: बगहा अस्पताल के नए भवन निर्माण की राह हुई आसान*

 


_रमेश ठाकुर - बगहा पश्चिम चंपारण,बिहार_

_दिनांक:- 23-05-2025_


बाल्मीकिनगर लोकसभा क्षेत्र के सांसद सुनील कुमार के निरंतर प्रयासों के फलस्वरूप बगहा अनुमंडलीय अस्पताल के नए भवन निर्माण हेतु 28 करोड़ रुपये की निविदा प्रकाशित कर दी गई है। इस संबंध में स्वास्थ्य विभाग के अवर सचिव ने सांसद को पत्रांक 584/10, दिनांक 25 अप्रैल 2025 के माध्यम से सूचित किया है। सांसद ने इस महत्वपूर्ण पहल के लिए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार एवं बिहार सरकार का आभार व्यक्त किया है।


सांसद सुनील कुमार ने बताया कि उन्होंने गत अगस्त में बिहार सरकार के स्वास्थ्य विभाग के विशेष सचिव से मिलकर बाल्मीकिनगर संसदीय क्षेत्र की स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं पर एक पत्र सौंपा था, जिसमें बगहा अस्पताल के भवन निर्माण में हो रही देरी का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया था। इसके बाद उन्होंने हाल ही में पटना में स्वास्थ्य मंत्री से मुलाकात कर पुनः इस विषय पर ध्यान आकृष्ट कराया। इसके अलावा मुख्यमंत्री की प्रगति यात्रा के दौरान हुई समीक्षा बैठक में भी इस संबंध में उन्हें पत्र सौंपा गया था।



उन्होंने बताया कि इन प्रयासों के आलोक में अनुमंडलीय अस्पताल के लिए पहले ही शव वाहन की व्यवस्था की जा चुकी है और अब भवन निर्माण हेतु निविदा जारी होना एक और बड़ी उपलब्धि है। सांसद ने कहा कि वे नरकटियागंज अनुमंडल अस्पताल, सेमरा रेफरल अस्पताल सहित अन्य स्वास्थ्य संस्थानों की समस्याओं के समाधान के लिए भी निरंतर प्रयासरत हैं।


सांसद ने कहा, "मैं जनता की समस्याओं को लेकर ईमानदारी से प्रयास करता हूँ। संसद में अपनी आवाज उठाने के साथ-साथ मैं विभागीय मंत्रियों और मुख्यमंत्री से मिलकर योजनाओं को धरातल पर लाने की कोशिश करता हूँ।"


इस अवसर पर पूर्व विधायक प्रभात रंजन सिंह, पूर्व एमएलसी राजेश राम, जदयू नेता जयेंद्र सिंह, पशुपतिनाथ गुप्ता, राकेश सिंह, वीरेंद्र कुशवाहा, दयाशंकर सिंह, जितेंद्र कुशवाहा, उमाशंकर पटेल, मो. निजामुद्दीन, अशोक पटेल, मुन्ना सिंह, विनोद उरांव, निवेदिता मिश्रा, इज़हार सिद्दीकी सहित अन्य स्थानीय नेताओं ने निविदा जारी होने पर खुशी जताई और सांसद सुनील कुमार सहित बिहार सरकार को धन्यवाद दिया।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.