Type Here to Get Search Results !

*रेल सुविधाओं के विस्तार को लेकर बाल्मीकिनगर सांसद सक्रिय, डीआरएम को सौंपा विस्तृत मांग पत्र*

_रमेश ठाकुर - पश्चिम चंपारण,बिहार_

_दिनांक:-21-05-2025_



बाल्मीकिनगर सांसद श्री सुनील कुमार ने आज समस्तीपुर मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) श्री विनय श्रीवास्तव से भेंट कर अपने संसदीय क्षेत्र से जुड़ी कई महत्वपूर्ण रेल समस्याओं के समाधान और सुविधाओं की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा।


सांसद द्वारा डीआरएम को सौंपे गए मांग-पत्र में प्रमुख रूप से बगहा में वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन के ठहराव की मांग की गई है। इसके अलावा मदनपुर देवी स्थान के पास रेलवे हाल्ट स्टेशन के निर्माण, मरजदवा स्टेशन पर अंडरपास बनाने, साठी व मरजदवा स्टेशन के पास बाजार तक जाने वाली सड़कों के निर्माण अथवा एनओसी प्रदान करने, बगहा रेलवे गुमटी को आमजन व व्यवसायियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए खुले रखने की मांग की गई।


सांसद ने साठी और चनपटिया के बीच रेलवे समपार तथा भैरोगंज-हरिनगर के बीच नोनियापट्टी रेलवे ढाला पर आरओबी निर्माण की आवश्यकता को भी रेखांकित किया। साथ ही गौनाहा रेलखंड का विस्तार भीखनाठोरी तक करने और इस मार्ग पर तीन जोड़ी ट्रेनों के संचालन की मांग भी रखी।

सांसद कुमार ने पूर्व में की गई बैठकों व पत्राचार के माध्यम से उठाए गए अन्य लंबित मुद्दों का भी स्मरण कराया और उनके त्वरित समाधान की अपेक्षा जताई।


डीआरएम श्री श्रीवास्तव ने सांसद द्वारा उठाए गए सभी बिंदुओं को गंभीरता से सुना और उन्हें मंत्रालय स्तर पर प्रस्ताव भेजने व आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया।


इस अवसर पर समस्तीपुर रेल मंडल के अतिथि गृह में सांसद के पहुंचने पर वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. मनोज कुमार सिंह द्वारा स्वागत किया गया। वहीं रेलवे के मंथन भवन में डीआरएम, सीनियर डीसीएम सहित अन्य अधिकारियों ने गर्मजोशी से सांसद का अभिनंदन किया।


सांसद सुनील कुमार ने उत्कृष्ट कार्य व कुशल प्रबंधन के लिए डीआरएम श्री श्रीवास्तव को रेलवे द्वारा सम्मानित किए जाने पर बधाई भी दी।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.