_रमेश शर्मा रामनगर प० चंपारण_ _17/08/2022_
बिहार सरकार जहां 24 घंटे निर्बाध रूप से बिजली सप्लाई देने की घोषणा कर रही है,वहीं उनके कर्मी अपनी मनमानी से बाज नहीं आ रहे हैं।
विगत एक सप्ताह से नरकटियागंज प्रखंड के डुमरिया पंचायत का ट्रांसफार्मर जल गया है।इतना ही नहीं 11000 वोल्ट पावर का तार टूट कर डुमरिया पंचायत के मुखिया झुना सिंह उर्फ दुर्गेश राव के कंपाउंड में गिर गया है।इस तार के चपेट में उनका एक आदमी आते-आते बच गया। ज्ञात हो कि यह तार 1982 में ताना गया है,जो काफी जर्जर हो गया है।
इस पंचायत के मुखिया दुर्गेश राव ने बताया कि इस ट्रांसफर्मर के बाबत हमने राज्यसभा सांसद सतीश चंद्र दूबे, लोकसभा सांसद सुनील महतो तथा विधायिका रश्मि वर्मा से भी पैरवी करवा चुके हैं परंतु विद्युत विभाग सबके आदेशों की अवहेलना कर रहा है।
इस भीषण गर्मी में वार्ड नंo-11 रामपुर की जनता कैसे दुखी है यह अधिकारियों को पता नहीं है। विभाग सहायक अभियंता कहते हैं-"उस क्षेत्र से राजस्व कम आता है।"
हालांकि लोगों का कहना है आप 100 के०वी० ट्रांसफार्मर लगाएं। अवैध चलाने वाले पर एफ०आई०आर० दर्ज करें।जो बिल जमा करता है उसे क्यों गर्मी में मार रहे हैं?
इस क्षेत्र में तार हमेशा टूटता रहता है मुखिया पुत्र आदर्श कुमार ने कहा कि सेलफोन के साथ बिजली के सभी उपकरण चार्ज नहीं होने से बच्चों के पढ़ाई पर काफी असर पड़ रहा है।
उधर सरकार द्वारा जन वितरण प्रणाली में महज एक लीटर मिट्टी तेल ही डीलरों को दिया है,जो समय से मिल भी नही पाता है। इसी रामपुर सकरौल निवासी वर्मा यादव ने बताया कि अगर शीघ्र ट्रांसफॉर्मर नहीं लगा तो हम लोग मजबूर होकर आंदोलन करेंगे।
पंचायत के जानकारों ने यह भी टिप्पणी किया कि अब तो गठबंधन में लालटेन छाप की सरकार बनी है,हम लोगों से विभाग अब लालटेन जलवाएगी क्या?
यहां 100 के०वी० का ट्रांसफार्मर चाहिए जबकि अधिकारी उस काफी पुराने ट्रांसफार्मर को रिपेयर करा रहे हैं, जो फिर जल जाएगा!
