_रमेश ठाकुर - पश्चिम चंपारण, बिहार_
_दिनांक:- 18-11-2026_
पटना। राष्ट्रीय प्रेस दिवस के अवसर पर सोमवार को सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के सभागार में परिचर्चा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस वर्ष परिचर्चा का विषय 'पत्रकारिता : लोकप्रियतावादी या जिम्मेदारी' रखा गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए ग्रामीण विकास एवं सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के मंत्री श्री श्रवण कुमार ने कहा कि स्वतंत्र, निष्पक्ष और जिम्मेदार पत्रकारिता लोकतंत्र को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। पत्रकारिता का उद्देश्य केवल समाचार प्रकाशित करना नहीं, बल्कि समाज के अंतिम पायदान पर खड़े लोगों की समस्याओं को भी प्रमुखता से सामने लाना है।
मंत्री ने पत्रकारों को अपुष्ट, भ्रामक और सनसनीखेज खबरों के प्रसारण से बचने की सलाह देते हुए कहा कि पत्रकारिता में विश्वसनीयता और जनहित सर्वोपरि होना चाहिए। किसी भी खबर को प्रकाशित या प्रसारित करने से पहले उसकी सत्यता की जांच जरूरी है। समाचार और आरोप के बीच स्पष्ट अंतर होना चाहिए। साथ ही, पत्रकारिता के दौरान किसी व्यक्ति की निजता, गरिमा और संवेदनशीलता का भी सम्मान किया जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि बिहार में पत्रकारिता की समृद्ध परंपरा रही है। सोशल मीडिया के बढ़ते प्रभाव के दौर में आम नागरिकों की भी जिम्मेदारी है कि किसी सूचना या समाचार को साझा करने से पहले उसकी सत्यता और विश्वसनीयता की जांच कर लें। लोकप्रियता हासिल करना गलत नहीं है, लेकिन इसके लिए भ्रामक तथ्यों और गलत सूचनाओं का सहारा नहीं लिया जाना चाहिए।
मंत्री ने बिहार में हुए विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के कार्यकाल में शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली, पेयजल और महिला सशक्तीकरण के क्षेत्र में किए गए कार्यों की चर्चा की। उन्होंने कहा कि छात्राओं को शिक्षा से जोड़ने के लिए साइकिल एवं पोशाक जैसी योजनाएं शुरू की गईं। वर्ष 2018 में बिहार देश का पहला राज्य बना, जहां सभी घरों तक बिजली पहुंचाने का लक्ष्य पूरा किया गया। पंचायती राज संस्थाओं और नगर निकायों में महिलाओं को 50 प्रतिशत आरक्षण देकर उनके सशक्तीकरण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई।
उन्होंने जीविका के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने की पहल का उल्लेख करते हुए बताया कि राज्य में 13 लाख स्वयं सहायता समूहों का गठन किया गया है, जिनसे करीब 1.85 करोड़ परिवार जुड़े हैं। उन्होंने नल-जल योजना और जल-जीवन-हरियाली अभियान की भी चर्चा की। उनके अनुसार, इस अभियान के तहत ग्रामीण विकास विभाग एवं पर्यावरण और जलवायु परिवर्तन विभाग के संयुक्त प्रयास से राज्य में 23 करोड़ से अधिक पौधे लगाए गए।
मंत्री ने कहा कि वर्तमान मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में शिक्षा, उद्योग, विधि-व्यवस्था और आधारभूत संरचना सहित विभिन्न क्षेत्रों में कार्य किए जा रहे हैं। पंचायत स्तर पर सहयोग शिविरों के आयोजन और 30 दिनों के भीतर जनता की समस्याओं के समाधान को लेकर प्रशासनिक जवाबदेही तय करने की पहल की जा रही है। उन्होंने 551 मॉडल स्कूल और 211 डिग्री कॉलेज खोले जाने का भी उल्लेख किया।
मीडिया की भूमिका पर उन्होंने कहा कि पत्रकारों को सरकार और प्रशासन के कार्यों की स्वस्थ आलोचना करनी चाहिए, लेकिन विकास से जुड़े कार्यों और वास्तविक तथ्यों को भी निष्पक्षता के साथ सामने लाना चाहिए। उन्होंने बताया कि राज्य में 123 पत्रकारों को पत्रकार पेंशन योजना का लाभ दिया जा रहा है। इसके अलावा पत्रकार बीमा योजना के माध्यम से भी बड़ी संख्या में पत्रकारों को लाभान्वित किया जा रहा है। आने वाले समय में पत्रकारों के कल्याण और सुविधाओं के लिए और कदम उठाए जाएंगे।
कार्यक्रम में विभाग के संयुक्त सचिव अभिषेक पलासिया ने कहा कि प्रेस लोकतंत्र का चौथा स्तंभ है। यह जनता और सरकार के बीच संवाद स्थापित करने का महत्वपूर्ण माध्यम भी है। समय के साथ पत्रकारिता का स्वरूप तेजी से बदला है। पहले जहां समाचार पत्रों का अधिक महत्व था, वहीं अब सोशल मीडिया सूचना का बड़ा माध्यम बन गया है। उन्होंने कहा कि बिहार की विकासात्मक छवि को भी समाचारों में उचित स्थान मिलना चाहिए।
परिचर्चा में टाइम्स ऑफ इंडिया के वरिष्ठ सहायक संपादक मदन कुमार ने कहा कि सोशल मीडिया के दौर में भ्रामक सूचनाओं पर नियंत्रण और खबरों की तथ्यात्मक जांच बेहद जरूरी है। कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) जैसी आधुनिक तकनीकों के कारण गलत सूचनाओं के प्रसार की चुनौती बढ़ी है। ऐसे में पत्रकारों को तथ्यों और आंकड़ों के आधार पर खबरें प्रस्तुत करनी चाहिए।
जी टीवी के ब्यूरो चीफ रजनीश कुमार ने कहा कि खबरों की लोकप्रियता के साथ पत्रकारों की जिम्मेदारी भी जुड़ी होती है। पत्रकारों को अपने अधिकारों का इस्तेमाल पूरी सावधानी और जवाबदेही के साथ करना चाहिए। कशिश चैनल के संजय कुमार ने कहा कि पत्रकारिता केवल पेशा नहीं, बल्कि समाज के प्रति एक महत्वपूर्ण दायित्व है। वहीं, श्रीमती कला रॉय ने कहा कि समय और तकनीक में बदलाव के साथ पत्रकारिता का स्वरूप भी बदला है, लेकिन सनसनीखेज खबरें बनाना पत्रकारिता का उद्देश्य नहीं होना चाहिए।
कार्यक्रम को विभाग के सुनील पाठक एवं पिंडार के संपादक अतिकुर रहमान ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम की शुरुआत में संयुक्त सचिव अभिषेक पलासिया ने मंत्री का स्वागत किया। इस अवसर पर संयुक्त निदेशक रविभूषण सहाय और नागेंद्र गुप्ता मंच पर उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन सहायक निदेशक नूपुर झा ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन सहायक निदेशक विनीत सिन्हा ने किया।

