Type Here to Get Search Results !

*देशभक्ति की धुनों से गूंजा पार्क, 12 अगस्त को पटना जंक्शन पर होगी अगली प्रस्तुति*

_रमेश ठाकुर - पश्चिम चंपारण, बिहार_

_दिनांक:- 11-08-2026_


देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस समारोह-2026 के उपलक्ष्य में रेल मंत्रालय, भारत सरकार की पहल पर सोमवार की शाम बुद्ध स्मृति पार्क, पटना में रेलवे सुरक्षा बल (RPF) हाजीपुर की बैंड टीम ने देशभक्ति से ओत-प्रोत शानदार प्रस्तुति दी। बैंड की मधुर और जोशीली धुनों ने पूरे पार्क परिसर को राष्ट्रप्रेम और देशभक्ति के रंग में रंग दिया।

रेल मंत्रालय के निर्देश पर देशभर के प्रमुख स्थलों पर RPF बैंड दलों द्वारा देशभक्ति गीतों एवं राष्ट्रभक्ति धुनों की प्रस्तुति की जा रही है। इसी क्रम में पटना के बुद्ध स्मृति पार्क में आयोजित कार्यक्रम में RPF हाजीपुर की बैंड टीम ने विभिन्न देशभक्ति धुनों की मनमोहक प्रस्तुति दी। बैंड की सुमधुर धुनों पर पार्क में मौजूद लोग मंत्रमुग्ध नजर आए।


कार्यक्रम के दौरान बैंड दल के सदस्यों ने अनुशासन और उत्कृष्ट तालमेल के साथ प्रस्तुति देकर उपस्थित लोगों में राष्ट्रीय गौरव, एकता और देश के प्रति समर्पण की भावना को और मजबूत किया। देशभक्ति की धुनों के बीच पूरा परिसर राष्ट्रप्रेम के भाव से सराबोर दिखाई दिया।

मौके पर मौजूद आम लोगों ने RPF बैंड की आकर्षक प्रस्तुति की जमकर सराहना की। कार्यक्रम का उद्देश्य स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर नागरिकों के बीच देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता और राष्ट्र के प्रति गौरव की भावना को बढ़ावा देना है। रेलवे सुरक्षा बल की इस पहल के माध्यम से भारतीय रेल की राष्ट्रसेवा, सामाजिक दायित्व और देशभक्ति की भावना को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।


कार्यक्रम को सफल बनाने में RPF हाजीपुर बैंड टीम के सदस्यों ने पूरी निष्ठा और अनुशासन के साथ अपनी भूमिका निभाई। वहीं, उपस्थित लोगों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता कर कार्यक्रम को सफल बनाया।


RPF हाजीपुर की बैंड टीम की अगली देशभक्ति प्रस्तुति 12 अगस्त 2026 को शाम 6 बजे पटना जंक्शन रेलवे स्टेशन परिसर में होगी। रेलवे की ओर से यात्रियों एवं आम लोगों से इस विशेष बैंड प्रस्तुति में शामिल होने की अपील की गई है।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.