Type Here to Get Search Results !

*पूर्व मध्य रेल के 95 अधिकारी-कर्मचारी 'विशिष्ट रेल सेवा पुरस्कार' से सम्मानित, धनबाद मंडल बना सर्वश्रेष्ठ*

 


_रमेश ठाकुर - पश्चिम चंपारण, बिहार_

_दिनांक:- 07-08-2026_


पूर्व मध्य रेल के पाटलिपुत्र रेल परिसर, दीघा (पटना) में शुक्रवार को आयोजित भव्य रेल सप्ताह समारोह-2026 में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। महाप्रबंधक श्री छत्रसाल सिंह ने वर्ष 2026 के दौरान उल्लेखनीय कार्य करने वाले 95 अधिकारियों एवं कर्मचारियों को "विशिष्ट रेल सेवा पुरस्कार" प्रदान किया। साथ ही विभिन्न विभागों एवं मंडलों के उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए 56 दक्षता एवं सर्वांगीण दक्षता शील्ड भी प्रदान की गई।

समारोह का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इसके बाद महाप्रबंधक श्री छत्रसाल सिंह, अपर महाप्रबंधक श्री अमरेन्द्र कुमार तथा अन्य अधिकारियों ने रेल सप्ताह समारोह पुस्तिका का विमोचन किया। इस अवसर पर मुख्यालय और पांचों रेल मंडलों की सांस्कृतिक टीमों ने आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए, जिनकी उपस्थित लोगों ने जमकर सराहना की।

समारोह में धनबाद मंडल को वर्ष 2026 का महाप्रबंधक ओवरऑल एफिशिएंसी शील्ड प्रदान किया गया, जबकि सोनपुर और पंडित दीन दयाल उपाध्याय (डीडीयू) मंडल को संयुक्त रूप से एफिशिएंसी रनर्स-अप कप से सम्मानित किया गया। स्वच्छता अभियान के तहत बड़े स्टेशनों में डीडीयू जंक्शन, मध्यम श्रेणी में नरकटियागंज स्टेशन तथा छोटे स्टेशनों की श्रेणी में राजगीर स्टेशन को स्वच्छता शील्ड प्रदान की गई। वहीं, जनशिकायतों के त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण के लिए समस्तीपुर और सोनपुर मंडल को संयुक्त रूप से रेल मदद शील्ड दी गई।



अपने संबोधन में महाप्रबंधक श्री छत्रसाल सिंह ने कहा कि कर्मचारियों की मेहनत, निष्ठा और टीम भावना के बल पर पूर्व मध्य रेल ने चालू वित्तीय वर्ष की पहली तिमाही में यात्री सुविधाओं, सुरक्षा, आधारभूत संरचना विकास और राजस्व अर्जन के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने कहा कि अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत स्टेशनों के आधुनिकीकरण का कार्य तेजी से जारी है। इसके साथ ही कर्मचारी कल्याण, पदोन्नति, अनुकंपा नियुक्ति, छात्रवृत्ति, स्वास्थ्य सेवाओं तथा खेल एवं सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रभावी कदम उठाए जा रहे हैं।


समारोह में अपर महाप्रबंधक श्री अमरेन्द्र कुमार, प्रधान मुख्य कार्मिक अधिकारी श्री सुरेश चन्द्र श्रीवास्तव, पांचों मंडलों के मंडल रेल प्रबंधकों, मुख्यालय के वरिष्ठ अधिकारियों, महिला कल्याण संगठन की सदस्याओं, मान्यता प्राप्त रेल यूनियनों के प्रतिनिधियों तथा बड़ी संख्या में रेलकर्मियों एवं उनके परिजनों ने भाग लिया।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.