_रमेश ठाकुर - पश्चिम चंपारण, बिहार_
_दिनांक:- 13-07-2026_
पटना। बिहार सरकार ने राज्य में प्रस्तावित ग्रीनफील्ड सैटेलाइट टाउनशिप के सुनियोजित विकास और विभिन्न परियोजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए सेंटर फॉर एनवायरनमेंटल प्लानिंग एंड टेक्नोलॉजी (CEPT) सलाहकार फाउंडेशन, अहमदाबाद को तकनीकी सहायता इकाई (Technical Support Unit) के रूप में चयनित किया है। इसकी जानकारी नगर विकास एवं आवास मंत्री नीतीश मिश्रा ने दी।
मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार आधुनिक, सुव्यवस्थित और टिकाऊ शहरी केंद्र विकसित करने के लिए प्रतिबद्ध है। इसी उद्देश्य से शहरी नियोजन और आधारभूत संरचना विकास के क्षेत्र में विशेषज्ञता रखने वाली राष्ट्रीय संस्था CEPT का सहयोग लिया जा रहा है। इसके माध्यम से ग्रीनफील्ड सैटेलाइट टाउनशिप परियोजनाओं के लिए योजना निर्माण, तकनीकी परामर्श, रणनीतिक मार्गदर्शन और गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि तकनीकी सहायता इकाई परियोजनाओं की निगरानी, नीतिगत सहयोग, नियामकीय एवं संस्थागत सुदृढ़ीकरण तथा विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने का कार्य करेगी। इससे परियोजनाओं को समयबद्ध और प्रभावी ढंग से पूरा करने में मदद मिलेगी।
नीतीश मिश्रा ने कहा कि ग्रीनफील्ड सैटेलाइट टाउनशिप के विकसित होने से आधुनिक शहरी क्षेत्रों का विस्तार होगा, रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे तथा उद्योग, व्यापार, आवास और सेवा क्षेत्र को बढ़ावा मिलेगा। साथ ही राज्य में नए आर्थिक गतिविधि केंद्र विकसित होंगे, जिससे संतुलित क्षेत्रीय विकास और बिहार की अर्थव्यवस्था को नई गति मिलेगी।
उन्होंने विश्वास जताया कि यह पहल समावेशी, टिकाऊ और भविष्य उन्मुख शहरी विकास की दिशा में बिहार के लिए एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।
