Type Here to Get Search Results !

*जनकल्याण के उद्देश्य से S2P फाउंडेशन सक्रिय, स्वास्थ्य शिविर की तैयारियां तेज*

_रमेश ठाकुर – रामनगर, पश्चिम चंपारण (बिहार)_

_दिनांक : 06-07-2026_


बेतिया। समाज के जरूरतमंद एवं वंचित वर्ग तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने के उद्देश्य से S2P लाइफ एजुकेशन फाउंडेशन ने आगामी दिनों में निःशुल्क मेडिकल कैंप आयोजित करने की तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में रविवार को बेतिया स्थित आदित्य प्लाजा होटल में फाउंडेशन की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रस्तावित स्वास्थ्य शिविर की रूपरेखा, जनजागरूकता अभियान और संगठन के सामाजिक कार्यों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।



बैठक को संबोधित करते हुए फाउंडेशन के संस्थापक आनंद मोहन सिंह ने कहा कि संस्था का लक्ष्य समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य आवश्यक सुविधाएं पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि प्रस्तावित निःशुल्क मेडिकल कैंप में विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम द्वारा स्वास्थ्य जांच, चिकित्सकीय परामर्श तथा आवश्यक दवाइयों की व्यवस्था पूरी तरह निःशुल्क की जाएगी, ताकि आर्थिक रूप से कमजोर एवं जरूरतमंद लोग इसका लाभ उठा सकें।


बैठक में उपस्थित सदस्यों ने मेडिकल कैंप को सफल बनाने के लिए व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाने, गांव-गांव तक इसकी जानकारी पहुंचाने तथा अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने पर सहमति जताई। साथ ही सभी सदस्यों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपते हुए कार्यक्रम को प्रभावी ढंग से आयोजित करने की रणनीति तैयार की गई।


कार्यक्रम के दौरान फाउंडेशन की ओर से समाज और जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाने वाले पत्रकारों के योगदान की सराहना की गई। इस अवसर पर रमेश ठाकुर(रामनगर), विकास पांडेय, रमेंद्र गौतम, आशीष कुमार, अमित नाथ तिवारी, आलोक कुमार, हृदयानंद सिंह यादव(देस वाणी पत्रिका से), शत्रुघ्न कुमार, गुजराल तिवारी (लौरिया) सहित जिले के दर्जनों पत्रकारों को अंगवस्त्र एवं सम्मान-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। फाउंडेशन के पदाधिकारियों ने कहा कि लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के रूप में पत्रकार समाज की आवाज को जन-जन तक पहुंचाने के साथ-साथ जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाने का महत्वपूर्ण कार्य करते हैं, इसलिए उनके योगदान का सम्मान करना संस्था का दायित्व है।


बैठक के अंत में फाउंडेशन के सदस्यों ने समाज सेवा के कार्यों को और अधिक प्रभावी बनाने का संकल्प दोहराया। साथ ही विश्वास व्यक्त किया कि प्रस्तावित निःशुल्क मेडिकल कैंप से बड़ी संख्या में जरूरतमंद लोगों को लाभ मिलेगा और संस्था भविष्य में भी शिक्षा, स्वास्थ्य एवं जनकल्याण से जुड़े ऐसे कार्यक्रम निरंतर आयोजित करती रहेगी।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.