Type Here to Get Search Results !

*पुटू मिश्रा फायरिंग कांड का खुलासा,त्वरित कार्यवाही में दो गिरफ्तार*

 


_रमेश ठाकुर - बगहा पश्चिम चंपारण, बिहार_

_दिनांक:- 29-04-2026_


बगहा पुलिस जिला अंतर्गत रामनगर थाना क्षेत्र में 27 अप्रैल 2026 की शाम करीब 6:30 बजे फुलकौल चौक पर उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब बाइक सवार तीन अपराधियों ने चाय पी रहे संजीव मिश्रा उर्फ पुटु मिश्रा पर अचानक फायरिंग कर दी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच के दौरान दो खोखे, एक जिंदा कारतूस बरामद किए।


पुलिस को मिली गुप्त सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए टीम ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है। पुलिस ने बताया कि घटना के पीछे के कारणों और अन्य संभावित आरोपियों की पहचान के लिए जांच जारी है।


घटना के बाद इलाके में कुछ समय के लिए दहशत का माहौल बना रहा, हालांकि पुलिस की सक्रियता से स्थिति जल्द ही सामान्य कर ली गई। स्थानीय लोगों ने पुलिस की त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था और गश्त बढ़ाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।


वहीं, पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फरार तीसरे आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। संदिग्ध ठिकानों पर दबिश दी जा रही है और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच को आगे बढ़ाया जा रहा है। पुलिस ने आम लोगों से भी अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत दें, जिससे अपराध पर प्रभावी नियंत्रण किया जा सके।


हालांकि रामनगर विधानसभा क्षेत्र में इस घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं भी तेज हो गई हैं और अलग-अलग स्तर पर अलग-अलग बातें सामने आ रही हैं। लेकिन पुलिस सूत्रों का साफ कहना है कि इस मामले में कोई भी व्यक्ति, चाहे वह कितना ही प्रभावशाली क्यों न हो, यदि संलिप्त पाया गया तो उसे बख्शा नहीं जाएगा।


चंपारण रेंज के उप महानिरीक्षक हरकिशोर राय इस पूरे प्रकरण पर अपनी पैनी नजर बनाए हुए हैं। उनके निर्देश पर जांच को और तेज कर दिया गया है। सूत्रों के अनुसार, इस मामले में कुछ अहम सुराग मिले हैं और जल्द ही बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.