_विजय कुमार शर्मा- बगहा पश्चिम चंपारण,(पटना)बिहार_
_दिनांक:- 03-04-2026_
बगहा साइबर थाना पुलिस ने ऑनलाइन गेमिंग के माध्यम से लोगों को ठगी का शिकार बनाने वाले एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश करते हुए आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरोह आम लोगों को अधिक पैसे कमाने का लालच देकर उनके नाम पर फर्जी बैंक खाते खुलवाकर म्यूल अकाउंट के रूप में इस्तेमाल करता था।
पुलिस ने तकनीकी जांच और गुप्त सूचना के आधार पर 1 अप्रैल 2026 को सबसे पहले सेमरा (पश्चिम चम्पारण) निवासी सोनु केशरी को हिरासत में लिया। पूछताछ में सोनु ने खुलासा किया कि वह गिरोह के लिए फर्जी या दूसरों के नाम पर बैंक खाते खोलने का काम करता था।
सोनु की निशानदेही पर पुलिस ने कदमकुआ थाना क्षेत्र के मछुआ टोली में छापेमारी कर गिरोह के सरगना आदित्य कुमार और उसके सहयोगी अरुण यादव उर्फ सौरभ यादव को गिरफ्तार किया। पूछताछ में पता चला कि सरगना आदित्य अपने साथियों को ₹25,000 मासिक वेतन और बोनस देता था।
इसके बाद श्रीकृष्णापुरी थाना क्षेत्र के राजापुर के पास एक किराये के मकान में छापेमारी कर पांच अन्य आरोपियों—विकास कुमार यादव, पंकज कुमार, दिलीप कुमार, शिवनंदन कुमार और हरीश सिंह—को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने आरोपियों के पास से ऑनलाइन ठगी में इस्तेमाल होने वाले लैपटॉप, मोबाइल फोन, बैंक दस्तावेज (पासबुक, चेकबुक, ATM कार्ड), पैन कार्ड, आधार कार्ड, सिम कार्ड और पासपोर्ट बरामद किए हैं। जांच में यह भी पता चला कि हरीश सिंह पहले थाईलैंड जा चुका है और वहां से डिपोर्ट किया गया था, जिससे अंतरराष्ट्रीय साइबर ठगी गिरोह से जुड़े होने की आशंका जताई जा रही है।
गिरोह लोगों को ऑनलाइन गेमिंग के जरिए पैसे कमाने का लालच देता और फिर छोटे-मोटे प्रलोभन के माध्यम से उनके नाम पर बैंक खाते खुलवाता। इन खातों का इस्तेमाल साइबर ठगी के लिए म्यूल अकाउंट के रूप में किया जाता था।पुलिस ने बताया कि मामले की गहन जांच जारी है और गिरोह से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।

