_रमेश ठाकुर - रामनगर पश्चिम चंपारण_
_दिनांक:- 30-03-2026_
अटूट श्रद्धा और दृढ़ इच्छाशक्ति का परिचय देते हुए भारत सरकार के पूर्व एडीजी एवं बाबू धाम ट्रस्ट के संस्थापक एपी पाठक ने सोमेश्वर पहाड़ की चोटी पर स्थित पौराणिक कालका माता मंदिर में दर्शन किए। कठिन और दुर्गम रास्तों को पार करते हुए उन्होंने माता का आशीर्वाद प्राप्त किया।
समुद्र तल से हजारों फीट की ऊंचाई पर स्थित इस मंदिर तक पहुंचना किसी चुनौती से कम नहीं है। लंबी पैदल यात्रा और ऊबड़-खाबड़ पहाड़ी रास्तों के बावजूद एपी पाठक ने अपने अटल संकल्प से यह यात्रा सफलतापूर्वक पूरी की।यात्रा के दौरान स्थानीय प्रशासन, वन विभाग और सशस्त्र सीमा बल (SSB) के अधिकारियों एवं जवानों का सराहनीय सहयोग रहा। दुर्गम चढ़ाई के दौरान SSB के जवानों ने हर कदम पर सहयोग कर सुरक्षा व्यवस्था भी सुनिश्चित की।
उल्लेखनीय है कि चंपारण में SSB की स्थापना के समय एपी पाठक केंद्रीय गृह मंत्रालय में वरिष्ठ पद पर कार्यरत थे। क्षेत्र में SSB को मजबूत बनाने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है, जिसके चलते यात्रा के दौरान जवानों और अधिकारियों ने उनका आत्मीय स्वागत किया।दर्शन के बाद एपी पाठक ने क्षेत्र की प्राकृतिक सुंदरता और भौगोलिक स्थिति का अवलोकन किया। उन्होंने SSB के अधिकारियों और जवानों की सराहना करते हुए कहा कि वे श्रद्धालुओं की सहायता और सुरक्षा के लिए हमेशा तत्पर रहते हैं।
मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि श्रद्धा और भक्ति हर कठिनाई को आसान बना देती है। साथ ही उन्होंने संकल्प व्यक्त किया कि सोमेश्वर क्षेत्र को भविष्य में एक प्रमुख पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित किया जा सकता है।इस दौरान SSB के अधिकारियों और जवानों ने एपी पाठक का तहे दिल से स्वागत किया और दर्शन में पूर्ण सहयोग प्रदान किया।


