Type Here to Get Search Results !

*कांग्रेस जिला अध्यक्ष प्रमोद सिंह का क्षेत्रीय भ्रमण और जनसंपर्क अभियान तेज*

_रमेश ठाकुर - बगहा (प. चंपारण)_

_दिनांक:- 20-07-2025_


जैसे-जैसे बिहार विधानसभा चुनाव 2025 का समय नजदीक आ रहा है, सभी राजनीतिक दलों ने अपनी तैयारियाँ तेज कर दी हैं। इसी क्रम में कांग्रेस पार्टी भी जमीनी स्तर पर सक्रिय होती दिख रही है। कांग्रेस के पश्चिम चंपारण जिला अध्यक्ष प्रमोद सिंह ने बगहा विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न गांवों—जैसे पैकवलिया, रमवलिया, भरवलिया, मर्जादपुर, बजरिया सहित अन्य दर्जनों पंचायतों का दौरा कर जनसंपर्क अभियान चलाया।

जनसंपर्क अभियान के दौरान उन्होंने ग्रामीणों से संवाद करते हुए पार्टी की "माई-बहन मान योजना" की जानकारी दी और सभी पात्र महिलाओं से योजना का लाभ उठाने का आग्रह किया। उन्होंने बताया कि इस योजना के तहत यदि बिहार में महागठबंधन की सरकार बनती है, तो सभी पंजीकृत महिलाओं को प्रतिमाह ₹2500 की सहायता राशि दी जाएगी। इसके लिए रजिस्ट्रेशन करना और दिए गए नंबरों पर मिस कॉल करना अनिवार्य बताया गया।

प्रमोद सिंह ने कहा कि कांग्रेस महागठबंधन के तहत बिहार में एक समावेशी सरकार बनाने के लिए प्रतिबद्ध है, जिससे पलायन पर रोक लगे और स्थानीय स्तर पर रोजगार और कल-कारखाने खुल सकें। उन्होंने बताया कि वे चंपारण की सभी नौ विधानसभा सीटों पर महागठबंधन की जीत सुनिश्चित करने हेतु कार्यकर्ताओं के साथ कंधे से कंधा मिलाकर जुटे हुए हैं।


इस दौरान राजद के पर्यवेक्षक तथा महागठबंधन के अन्य घटक दलों के जिला अध्यक्षों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक भी आयोजित की गई। बैठक में BLO (बूथ लेवल ऑफिसर) द्वारा मतदाता सूची में की जा रही अनियमितताओं पर गंभीर चिंता जताई गई। कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने मतदाताओं से अपील की कि वे अपने द्वारा दिए गए सभी दस्तावेजों की एक प्रति अवश्य अपने पास सुरक्षित रखें, जिससे बाद में कोई विवाद की स्थिति में उन्हें प्रमाण उपलब्ध हो सके।


बैठक में सभी दलों ने एकजुट होकर मतदाता सूची की पारदर्शिता सुनिश्चित करने और संगठनात्मक मजबूती के साथ महागठबंधन की सरकार बनाने के संकल्प को दोहराया।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.