Type Here to Get Search Results !

*नेपाल सीमा पर सुरक्षा सख्त, प्रशासन ने लिया हालात का जायजा*

`एसएसबी और स्थानीय पुलिस को अलर्ट मोड में रहने का निर्देश`



_रमेश ठाकुर के साथ अब्दुल बासित, मैनाटांड़(पश्चिम चंपारण)_

_दिनांक:- 07-05-2025_



 जिले के नेपाल सीमा से सटे क्षेत्रों की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने सोमवार को जिलाधिकारी श्री दिनेश कुमार राय एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. शौर्य सुमन ने संयुक्त रूप से इनरवा, सिकटा एवं भेरिहरवा सीमावर्ती क्षेत्रों का दौरा किया।


निरीक्षण के दौरान उन्होंने सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) के अधिकारियों से सुरक्षा प्रबंधन की जानकारी ली और सीमा क्षेत्र की मौजूदा स्थिति का अवलोकन किया। इस दौरान नेपाल सीमा बल के अधिकारियों से भी वार्ता की गई, जिसमें सीमाई क्षेत्र की सुरक्षा, आपसी समन्वय और शांति बनाए रखने पर चर्चा हुई।


जिलाधिकारी श्री राय ने एसएसबी और स्थानीय पुलिस को निर्देशित किया कि नेपाल आने-जाने वाले प्रत्येक व्यक्ति की सघन जांच सुनिश्चित की जाए। सीमा पर प्रत्येक गतिविधि पर पैनी नजर रखी जाए और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तत्काल सूचना वरीय अधिकारियों को दी जाए। उन्होंने कहा कि सीमावर्ती इलाकों में शांति, सौहार्द और सुरक्षा बनाए रखना सर्वोपरि है।


वहीं, पुलिस अधीक्षक डॉ. शौर्य सुमन ने सभी पुलिस पदाधिकारियों एवं एसएसबी के जवानों को पूरी सक्रियता से कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में नियमित पेट्रोलिंग और रात्रि गश्ती अनिवार्य रूप से की जाए। किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि पर विशेष निगरानी रखी जाए तथा आवश्यकता पड़ने पर विधिसम्मत कार्रवाई की जाए।


निरीक्षण के दौरान अनुमंडल पदाधिकारी नरकटियागंज श्री सूर्य प्रकाश गुप्ता, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी श्री जय प्रकाश सिंह, विशेष कार्य पदाधिकारी (जिला गोपनीय शाखा) श्री सुजीत कुमार, इंस्पेक्टर कोमल सिंह, एएसआई गणेश सिंह रावत, हवलदार एस.ए. पत्रा, संदीप कुमार प्रसाद एवं हवलदार के. राघवेंद्र सहित अन्य प्रशासनिक व पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.