Type Here to Get Search Results !

केले के बागीचे में नाबालिग से दरिंदगी, चार आरोपी चढ़े पुलिस के हत्थे*

 


_रमेश ठाकुर - बगहा (पश्चिम चंपारण)_

_दिनांक:- 25-05-2025_



पश्चिम चंपारण जिले के बगहा पुलिस जिला अंतर्गत धनहा थाना क्षेत्र में शनिवार देर रात मानवता को शर्मसार कर देने वाली एक शर्मनाक घटना घटी। एक नाबालिग किशोरी को चार युवकों ने बहला-फुसलाकर केले के बागीचे में ले जाकर सामूहिक दुष्कर्म की घिनौनी वारदात को अंजाम दिया।

पुलिस सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार, किशोरी देर रात घर से निकली थी, तभी चारों युवकों ने उसे झांसा देकर सुनसान बागीचे में ले जाकर इस जघन्य कृत्य को अंजाम दिया। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस हरकत में आई और त्वरित कार्रवाई करते हुए रातभर चले सघन छापेमारी अभियान में चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।


घटना के बाद पीड़िता को अचेत अवस्था में स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे गंभीर स्थिति में बेतिया स्थित गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज अस्पताल (जीएमसीएच) रेफर किया गया। फिलहाल पीड़िता ICU में भर्ती है और उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।



इस मामले पर बगहा पुलिस अनुमंडल पदाधिकारी कुमार देवेंद्र ने कड़ा रुख अपनाते हुए कहा, "यह एक अत्यंत निंदनीय और जघन्य अपराध है। दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। सभी आरोपियों को सख्त से सख्त सजा दिलाई जाएगी और न्याय की प्रक्रिया में कोई ढिलाई नहीं बरती जाएगी।"


घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल है, लेकिन पुलिस लगातार गश्त कर रही है और लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की गई है। प्रशासन ने यह भी आश्वासन दिया है कि पीड़िता को हरसंभव सहायता और न्याय दिलाया जाएगा।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.