_रमेश ठाकुर - नरकटियागंज पश्चिम चंपारण,बिहार_
_दिनांक:- 23-04-2025_
बिहार प्रदेश महिला कांग्रेस की उपाध्यक्ष मंजूबाला पाठक ने 14 अप्रैल से 20 अप्रैल 2025 तक नरकटियागंज विधानसभा के दर्जनों गांवों में सघन जनसंपर्क अभियान चलाया। इस दौरान उन्होंने मालदा, हरपुर, बैठापुर, पिपरा, अजूवा, सुगौली, लंगड़ा समेत कई गांवों का दौरा किया और आम जनता से संवाद स्थापित किया।
अम्बेडकर जयंती के अवसर पर 14 अप्रैल को बैठापुर और लंगड़ा गांव में विशेष कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जहां मंजूबाला पाठक ने दलित समुदाय के लोगों से संवाद करते हुए संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर के योगदानों पर प्रकाश डाला। उन्होंने सामाजिक न्याय और मौलिक अधिकारों पर आधारित संविधान की रचना की ऐतिहासिक भूमिका पर चर्चा की।
जनसंपर्क के दौरान मंजूबाला पाठक ने कांग्रेस की “नारी न्याय गारंटी” योजना की जानकारी दी और महिलाओं को इसके लाभ से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने अपने 70 वर्षों के शासनकाल में देश को मजबूत आधार दिया और विश्वस्तरीय शिक्षण संस्थानों की स्थापना कर युवाओं को सशक्त बनाया।
मंजूबाला पाठक ने मीडिया से बातचीत में कहा कि कांग्रेस ने हमेशा बाबा साहेब अंबेडकर के संविधान की रक्षा की और दलितों व शोषितों की आवाज को बुलंद किया है। उन्होंने यह भी बताया कि कांग्रेस सरकारों ने पंचायती राज व्यवस्था को सशक्त कर महात्मा गांधी के ग्राम स्वराज के सपनों को साकार करने का कार्य किया है।
उन्होंने सभी कांग्रेस कार्यकर्ताओं, खासकर महिला कांग्रेस से जुड़ी महिलाओं से आह्वान किया कि वे संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने में अपनी भूमिका निभाएं। महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष अलका लांबा और प्रदेश अध्यक्ष से प्रेरणा लेते हुए उन्होंने हर पंचायत में सशक्त महिलाओं को संगठन से जोड़ने का संकल्प लिया।
ज्ञात हो कि मंजूबाला पाठक लंबे समय से कांग्रेस को मजबूत करने हेतु निरंतर कार्य कर रही हैं और नरकटियागंज विधानसभा क्षेत्र में सक्रियता से जनसंपर्क अभियान चलाकर पार्टी को मजबूती प्रदान कर रही हैं।
