Type Here to Get Search Results !

25 लाख रंगदारी के लिए डॉक्टर के घर पर चली गोली

 


नरकटियागंज, निज प्रतिनिधि । शिकारपुर पुलिस ने चिकित्सक डा अमानुल्लाह के घर पर गोलीबारी करने में शनिवार की रात में चार युवकों को गिरफ्तार किया गया है। 25 लाख की रंगदारी को लेकर चारो युवकों ने बीते 14 नवंबर को चिकित्सक के घर गोली चलाकर दहशत फैलाई थी। धराए युवकों में बखरी गांव निवासी मिनहाज आलम, मेडरौल गांव निवासी हिरो बाबा उर्फ राहत परवेज, बड़निहार गांव निवासी नवाज शरीफ व शेखु आलम शामिल हैं। थानाध्यक्ष रामाश्रय यादव ने बताया कि शिवगंज मुहल्ला निवासी चिकित्सक डा. अमानुल्लाह के घर पर फायरिंग की घटना घटी थी।

मामले में चिकित्सक के भाई इमामुल्लाह ने अज्ञात अपराधियो के विरूद्ध एफआईआर दर्ज करायी है। घटना के कुछ दिनो बाद चिकित्सक के मोबाइल पर फोन कर 25 लाख रुपए रंगदारी की मांग की गयी। बीते 20 नवबंर को फारेंसिक टीम ने भी घटना की जांच की थी। रंगदारी में प्रयुक्त मोबाइल नबंर के आधार पर जांच पड़ताल शुरू की गयी।

जांच में बखरी के मिनहाज का नाम सामने आया। शनिवार की रात में अन्य थानों की पुलिस के साथ मिनहाज को गिरफ्तार किया गया। उससे पूछताछ में अन्य नाम सामने आने पर सभी को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार युवको ने गोली चलाने व रंगदारी मांगने की बात स्वीकार कर ली है।

हालांकि अभी तक घटना में प्रयुक्त हथियार की बरामदगी नही हो सकी है। कुछ अन्य युवको के नाम भी सामने आ रहे हैं।शीघ्र ही उन्हें भी गिरफ्तार किया जाएगा।

चिकित्सक के बढ़ते रसूख को ले मांगी थी रंगदारी

नगर के कृषि बाजार रोड में संचालित सेंट्रल हास्पीटल के संचालक डा अमानुल्लाह के बढ़ते रसूख के कारण उनके घर पर पहले गोली चलायी गयी और बाद में 25 लाख की रंगदारी की मांग की गयी। धराए युवको ने इस बात का खुलासा किया है। धराए युवको में एक तथाकथित डाक्टर का रिश्तेदार है तो एक युवक शिकारपुर थाने का पैरवीकार है। शिकारपुर थाने में मिनहाज हमेशा पुलिस अधिकारियो के पास आता जाता रहा है। हालांकि गिरफ्तारी के बाद ही उसकी पोल खुली है। थानाध्यक्ष रामाश्रय यादव ने बताया कि गिरफ्तार चारो युवको की कुंडली खंगाली जा रही है। आस पास के थानों से भी गिरफ्तार सभी के बारे में जानकारी ली जा रही है।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.