_रमेश ठाकुर - पश्चिम चंपारण, बिहार_
_दिनांक:- 12-11-2026_
पटना । चित्रगुप्त पूजा के पावन अवसर पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बुधवार को राजधानी पटना के विभिन्न पूजा स्थलों पर पहुंचकर भगवान चित्रगुप्त जी महाराज की विधिवत पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने राज्य के विकास, सुख-शांति और समृद्धि की मंगल कामना की। मुख्यमंत्री सबसे पहले गर्दनीबाग ठाकुरबाड़ी पहुंचे, जहां उन्होंने भगवान चित्रगुप्त की पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद लिया।
इस अवसर पर ठाकुरबाड़ी चित्रगुप्त पूजा समिति, गर्दनीबाग की ओर से आयोजित सामाजिक समरसता सहभोज कार्यक्रम में भी मुख्यमंत्री शामिल हुए। उन्होंने उपस्थित लोगों को प्रसाद वितरित किया और पर्व की शुभकामनाएं दीं। इसके बाद मुख्यमंत्री कंकड़बाग के अशोकनगर स्थित प्रेम त्रिलोकी सामुदायिक भवन तथा अनीसाबाद के साकेत विहार पहुंचे, जहां उन्होंने भगवान चित्रगुप्त की पूजा-अर्चना की।
मुख्यमंत्री ने चित्रगुप्त पूजा के अवसर पर प्रदेश एवं देशवासियों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं देते हुए सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की। विभिन्न पूजा समितियों की ओर से मुख्यमंत्री का अंगवस्त्र एवं प्रतीक चिह्न भेंटकर स्वागत किया गया।
कार्यक्रम में सांसद रविशंकर प्रसाद, बिहार विधान परिषद के पूर्व सभापति अवधेश नारायण सिंह, विधायक संजीव चौरसिया, विधायक संजय कुमार, विधान पार्षद संजय मयूख तथा बिहार राज्य धार्मिक न्यास पर्षद के अध्यक्ष सह गर्दनीबाग ठाकुरबाड़ी प्रबंध न्यास समिति के अध्यक्ष रणवीर नंदन सहित विभिन्न पूजा समितियों के सदस्य एवं कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
