_रमेश ठाकुर - रामनगर पश्चिम चंपारण_
_दिनांक:- 03-01-2025_
न्यू मार्केट रामनगर में कंचन काया रखने वाले स्वर्गीय कंचन बैठा की छठी पुण्यतिथि के अवसर पर सामाजिक सेवा और जनहित का सराहनीय उदाहरण देखने को मिला। इस अवसर पर बृज किशोर बैठा के सौजन्य से बाजार क्षेत्र में कार्यरत सफाई कर्मियों के बीच शीतलहर को देखते हुए कम्बल का वितरण किया गया। कम्बल पाकर सफाई कर्मियों के चेहरे पर राहत और खुशी स्पष्ट रूप से झलकी।
कम्बल वितरण कार्यक्रम के दौरान बृज किशोर बैठा एवं रामबली बैठा ने बताया कि प्रत्येक वर्ष पुण्यतिथि के अवसर पर गरीबों, असहायों एवं सफाई कर्मियों के बीच सेवा कार्य किया जाता है, ताकि स्वर्गीय कंचन बैठा की स्मृति को सामाजिक सरोकार से जोड़ा जा सके।
इसी मौके पर रामनगर के धोबी टोला से न्यू मार्केट आने-जाने में हो रही कठिनाइयों को देखते हुए रामरेखा नदी पर एक छोटा पुल निर्माण एवं नदी घाट पर धोबी समुदाय के लिए धोबीघाट निर्माण की मांग को लेकर माननीय कोयला एवं खनन मंत्री श्री सतीश चन्द्र दूबे को एक मांग पत्र सौंपा गया। मांग पत्र के माध्यम से आग्रह किया गया कि पुल निर्माण से आधा दर्जन वार्डों के लोगों सहित सैकड़ों दुकानदारों और आम नागरिकों को बाजार आने-जाने में सुविधा मिलेगी। वहीं धोबीघाट के निर्माण से सैकड़ों धोबी परिवारों को रोजगार और सुविधा का लाभ प्राप्त होगा।
पूर्व पार्षद भोलू अग्रवाल ने जानकारी देते हुए बताया कि पूर्व में रामरेखा नदी पर जनसहयोग से चचरी पुल का निर्माण किया गया था, जो बाजार आवागमन का प्रमुख मार्ग था, लेकिन बाढ़ की विभीषिका में वह पुल ध्वस्त हो गया। इसके बाद से लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने मंत्री महोदय से दोनों कार्यों को शीघ्र प्रारंभ कराने की अपील की।
कार्यक्रम में ध्रुव प्रसाद, जावेद अख्तर, रवि सिंह, लगनदेव प्रसाद, अधिवक्ता कमाल अख्तर, आनंद अग्रवाल सहित दर्जनों गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। उपस्थित लोगों ने सामाजिक सेवा और जनहित के इस प्रयास की सराहना की।


