Type Here to Get Search Results !

सरकारी बाबुओं की बढ़ती भूख: वेतन छोड़ रिश्वत पर टिकी कमाई,जिला मत्स्य पदाधिकारी गिरफ्तार*

_रमेश ठाकुर- बेतिया, पश्चिम चंपारण_

_दिनांक:- 25-08-2025_


भ्रष्टाचार पर नकेल कसने में निगरानी अन्वेषण ब्यूरो को एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। पश्चिम चंपारण जिले के जिला मत्स्य पदाधिकारी पीयूष रंजन को निगरानी टीम ने एक लाख रुपये घूस लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।


सूत्रों के अनुसार बैरिया थाना क्षेत्र के पकनाहा बाजार निवासी मुराद अनवर ने निगरानी विभाग को लिखित शिकायत दी थी। शिकायत में कहा गया था कि पदाधिकारी ने उनसे रेस योजना मोदी के तहत सब्सिडी भुगतान के बदले ₹1 लाख की रिश्वत की मांग की। शिकायत का सत्यापन कराए जाने पर आरोप सही पाए गए।



इसके बाद निगरानी विभाग ने योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाया और आरोपी अधिकारी को घूस लेते ही दबोच लिया। गिरफ्तारी के बाद उन्हें निगरानी थाना पटना ले जाया गया, जहां आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।


निगरानी विभाग ने स्पष्ट किया है कि सरकारी योजनाओं में भ्रष्टाचार करने वाले किसी भी अधिकारी को बख्शा नहीं जाएगा। इस कार्रवाई से जिले के प्रशासनिक हलकों में हड़कंप मच गया है।


गौरतलब है कि निगरानी विभाग ने शिकारपुर थाना की दरोगा प्रीति कुमारी को रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ा था,जिसके बीते अभी एक हफ्ता नहीं हुआ।अब जिला मत्स्य पदाधिकारी की गिरफ्तारी ने एक बार फिर सरकारी महकमों में व्याप्त भ्रष्टाचार पर सवाल खड़े कर दिए हैं।


लोगों का कहना है कि रिश्वतखोरी के लगातार बढ़ते मामलों को देखकर ऐसा प्रतीत होता है जैसे इन बाबुओं को सरकार से वेतन नहीं मिलता और वेतन की भरपाई जनता की जेब से करने पर तुले हुए हैं।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.