रमेश ठाकुर,
रामनगर - नरकटियागंज, प०चम्पारण (बिहार)
22-08-2025
बगहा। पश्चिम चंपारण जिले के लिए गर्व का क्षण तब आया जब बगहा स्थित होमियो कैंसर सेवा अस्पताल के प्रख्यात होम्योपैथिक चिकित्सक डॉ. पदम भानु सिंह को गोवा में आयोजित होम्योपैथिक रिसर्च समिट 2025 में राष्ट्रीय स्तर का प्रतिष्ठित पुरस्कार “इटरनल फ्लेम ऑफ होम्योपैथी” से सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन्हें कैंसर उपचार और होम्योपैथी चिकित्सा के क्षेत्र में उनके विशेष योगदान के लिए प्रदान किया गया।
सम्मान समारोह में ऑस्ट्रेलिया के विश्वविख्यात तेज गेंदबाज़ ब्रेट ली और खगड़िया के सांसद राजेश वर्मा ने संयुक्त रूप से उन्हें यह पुरस्कार प्रदान किया। इस अवसर पर देश-विदेश से आए 200 से अधिक ख्यातिप्राप्त होम्योपैथिक चिकित्सक और शोधकर्ता उपस्थित थे, जिन्होंने अपनी-अपनी एविडेंस बेस्ड रिसर्च प्रस्तुत की।
रिसर्च और चर्चा के मुद्दे
सम्मेलन में होम्योपैथी की प्रभावशीलता, जटिल रोगों के उपचार, नए शोध, रोग-निवारण में इसकी वैज्ञानिक स्वीकार्यता और आधुनिक चिकित्सा पद्धति में होम्योपैथी की भूमिका जैसे विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई।
विभिन्न शोधकर्ताओं ने अपने अनुभव साझा किए और प्रमाण-आधारित परिणाम प्रस्तुत किए। सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य था—
होम्योपैथी में एविडेंस बेस्ड रिसर्च को बढ़ावा देना,
चिकित्सकों के बीच शोध व ज्ञान का आदान-प्रदान करना,
और आम जनता को यह बताना कि होम्योपैथी सिर्फ वैकल्पिक नहीं बल्कि वैज्ञानिक चिकित्सा पद्धति है।
डॉ. पदम भानु सिंह का अनुभव
सम्मेलन को संबोधित करते हुए डॉ. सिंह ने बताया कि हाल ही में कैंसर के अंतिम चरण से गुजर रही एक महिला रोगी पूरी तरह स्वस्थ होकर सामान्य जीवन जी रही हैं और इसका श्रेय होम्योपैथिक दवाओं को जाता है। उन्होंने कहा—
“होम्योपैथी चिकित्सा पद्धति केवल वैकल्पिक उपचार नहीं, बल्कि प्रमाण और वैज्ञानिक आधार पर टिका हुआ सशक्त साधन है। एविडेंस बेस्ड रिसर्च से इसे और सशक्त बनाना होगा और विश्व स्तर पर इसकी पहुंच बढ़ानी होगी।”
स्थानीय स्तर पर खुशी की लहर
डॉ. सिंह को यह राष्ट्रीय सम्मान मिलने पर स्थानीय चिकित्सक, समाजसेवी और आमजन में हर्ष की लहर दौड़ गई।
होम्योपैथिक चिकित्सक डॉ. भानु प्रताप सिंह, डॉ. हरि ओम सिंह, दंत चिकित्सक डॉ. तारिक अनवर, अनुमंडलीय अस्पताल के डॉ. तारिक नदीम समेत कई चिकित्सकों ने उन्हें बधाई दी।
इसके अलावा समाजसेवी अरुण सिंह, अधिवक्ता अरविंद सिंह, पूर्व मंत्री राजेश सिंह, जदयू नेता राकेश सिंह, समाजसेवी निप्पू कुमार पाठक और अमर सिंह सहित क्षेत्र के अन्य लोगों ने भी शुभकामनाएं प्रेषित कीं।
सोशल मीडिया पर लोगों ने लिखा कि डॉ. पदम भानु सिंह को मिला यह सम्मान न केवल बगहा बल्कि पूरे बिहार के लिए गौरव की बात है। इससे बगहा को अंतर्राष्ट्रीय पहचान मिली है और स्थानीय लोगों का मान-सम्मान भी बढ़ा है।


