Type Here to Get Search Results !

*त्रिवेणी नहर में डूबने से 16 वर्षीय किशोर की मौत, 6 घंटे की मशक्कत के बाद मिला शव*

 


_रमेश ठाकुर -बगहा,पश्चिमी चंपारण_

_दिनांक:- 18-06-2025_



प्रखंड के भैरोगंज पंचायत अंतर्गत ससराव गांव में मंगलवार को नहाने के दौरान त्रिवेणी नहर में डूबने से एक 16 वर्षीय किशोर की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान ससराव गांव निवासी हरिशंकर साह के पुत्र कृष्ण कुमार के रूप में की गई है।


जानकारी के अनुसार, कृष्ण कुमार अपने कुछ दोस्तों के साथ दोपहर करीब 12 बजे त्रिवेणी नहर में नहाने गया था। नहाने के दौरान उसने नहर में डुबकी लगाई, लेकिन वह वापस बाहर नहीं निकल सका। पहले दोस्तों ने उसे खोजने का प्रयास किया, लेकिन जब सफलता नहीं मिली तो शोर मचाया गया। शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और खोजबीन शुरू की।


घटना की सूचना मिलते ही पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि मुन्ना दास एवं अन्य स्थानीय जनप्रतिनिधि भी घटनास्थल पर पहुंचे। प्रशासन को भी इसकी जानकारी दी गई। ग्रामीणों और प्रशासन की मदद से करीब छह घंटे की लगातार कोशिश के बाद शाम 6 बजे कृष्ण का शव त्रिवेणी नहर से बरामद किया गया। शव को देखकर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।


थानाध्यक्ष महेश कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू की गई। शव को पोस्टमार्टम के लिए बगहा अनुमंडलीय अस्पताल भेज दिया गया है।


स्थानीय लोगों ने बताया कि त्रिवेणी नहर गहरी होने के कारण अक्सर ऐसे हादसे होते रहते हैं, लेकिन प्रशासन की ओर से कोई चेतावनी बोर्ड या सुरक्षा उपाय नहीं किए जाते, जिससे बच्चों और युवाओं की जान पर बार-बार खतरा मंडराता रहता है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि नहर के किनारे चेतावनी बोर्ड लगाया जाए और सुरक्षा उपाय किए जाएं ताकि भविष्य में ऐसी दुखद घटनाएं न हो सकें।


इस हादसे से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। सभी ग्रामीण परिवार के प्रति संवेदना जता रहे हैं और प्रशासन से पीड़ित परिवार को मुआवजा देने की मांग कर रहे हैं।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.