_रमेश ठाकुर - रामनगर, पश्चिम चंपारण, बिहार_
_दिनांक: 01-04-2025_
रामनगर नरकटियागंज मुख्य पथ पर स्थित "अपना विवाह भवन" में एक भव्य ईद मिलन समारोह का आयोजन किया गया, जिसकी मेजबानी रामनगर के युवा कर्मठ नेता भाई इश्तियाक अहमद ने की। इस अवसर पर विभिन्न राजनीतिक, सामाजिक व व्यवसायिक हस्तियों के साथ हजारों लोगों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।
समारोह के मुख्य अतिथि के रूप में बगहा चीनी मिल के मालिक एवं राजद नेता दीपक यादव उपस्थित हुए। उन्होंने अपने संबोधन में कहा
कि "ईद सिर्फ एक त्योहार नहीं, बल्कि यह भाईचारे, सौहार्द और आपसी प्रेम का संदेश देने वाला पर्व है। यह पर्व हमें जाति-धर्म से ऊपर उठकर एकता और सद्भावना का संदेश देता है।" दीपक यादव ने ईद की बधाई देते हुए कहा कि समाज में मिल-जुलकर रहने और सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखने की जरूरत है।
इस अवसर पर राजद की महिला नेत्री अनीता भारती भी अपने समर्थकों के साथ उपस्थित रहीं। उन्होंने भी लोगों को ईद की बधाई दी और कहा कि "त्योहार हमें आपसी मतभेद भूलाकर एक-दूसरे को गले लगाने का अवसर देते हैं।"
भाई इश्तियाक अहमद के इस आयोजन में हजारों लोगों ने भाग लिया, जिनमें विभिन्न समुदायों के लोग शामिल थे। उन्होंने आयोजक को धन्यवाद देते हुए कहा कि ऐसे आयोजन समाज में आपसी प्रेम और सौहार्द को बढ़ावा देते हैं।
ईद-उल-फितर इस्लाम धर्म का एक प्रमुख त्योहार है, जो रमज़ान के पवित्र महीने के समापन पर मनाया जाता है। यह दिन त्याग, संयम, दान और परस्पर प्रेम का प्रतीक है। इस मौके पर मुस्लिम समुदाय के लोग विशेष नमाज अदा करते हैं, जरूरतमंदों की मदद करते हैं और आपसी गिले-शिकवे भुलाकर एक-दूसरे को गले लगाते हैं। यह पर्व हिंदू-मुस्लिम एकता और भाईचारे का संदेश भी देता है, जिससे समाज में सौहार्द और शांति बनी रहती है।
भाई इश्तियाक अहमद ने कहा कि "ईद सिर्फ एक समुदाय का त्योहार नहीं, बल्कि यह मानवता, प्यार और समानता का संदेश देने वाला अवसर है। हमें इसे मिल-जुलकर मनाना चाहिए और समाज में भाईचारे को मजबूत करना चाहिए।"
समारोह का सफल संचालन इश्तियाक अहमद और उनकी टीम ने किया। इस आयोजन ने एक बार फिर रामनगर में आपसी सौहार्द और भाईचारे की मिसाल पेश की और क्षेत्र में सामाजिक समरसता की मिसाल कायम की।


