Type Here to Get Search Results !

*महिला सशक्तिकरण की ओर बड़ा कदम: मंजूबाला पाठक को मिली नई ज़िम्मेदारी*

_रमेश ठाकुर - नरकटियागंज पश्चिम चंपारण,बिहार_

_दिनांक:-13-03-2025_


महिला दिवस के अवसर पर अखिल भारतीय राष्ट्रीय महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष अलका लांबा ने बिहार प्रदेश महिला कांग्रेस की उपाध्यक्ष मंजूबाला पाठक को उनके समर्पण और प्रशंसनीय कार्यों के लिए सम्मानित किया। इस दौरान उन्हें प्रशस्ति पत्र भी प्रदान किया गया।


संवाददाताओं से बातचीत में मंजूबाला पाठक ने कहा कि वह महिलाओं के उत्थान, स्वावलंबन और विकास के लिए आजीवन कार्य करती रहेंगी। साथ ही, महिला कांग्रेस को और अधिक मजबूत करने व महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए पूरी निष्ठा से काम करेंगी।

इस अवसर पर अलका लांबा ने महिलाओं की सुविधा और रोजगार को ध्यान में रखते हुए प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में सेनेटरी नैपकिन की फैक्ट्री स्थापित करने की योजना का ऐलान किया। इसके तहत नरकटियागंज विधानसभा क्षेत्र में इस पहल की जिम्मेदारी मंजूबाला पाठक को सौंपी गई, जिसे उन्होंने सहर्ष स्वीकार कर लिया।


मंजूबाला पाठक ने कहा कि इस फैक्ट्री से न केवल महिलाओं को रोजगार मिलेगा बल्कि उन्हें उचित दाम पर सेनेटरी नैपकिन भी उपलब्ध हो सकेंगे, जिससे उनके स्वास्थ्य में सुधार होगा। उन्होंने बताया कि बाबू धाम ट्रस्ट के माध्यम से वह पिछले एक दशक से वाल्मीकिनगर विधानसभा के महिला विद्यालयों में सेनेटरी नैपकिन का निःशुल्क वितरण कर रही हैं, जिससे छात्राओं को काफी सहूलियत मिली है।


मंजूबाला पाठक ने कहा कि उनकी प्रेरणा महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष अलका लांबा हैं और वह उनके मार्गदर्शन में निरंतर कार्य कर रही हैं। उन्होंने बताया कि वह नरकटियागंज विधानसभा के हर बूथ पर एक सशक्त और सक्रिय महिला कार्यकर्ता तैयार करेंगी, जिससे महिला कांग्रेस को और मजबूती मिलेगी।


उन्होंने अपने संकल्प को दोहराते हुए कहा,

"महिलाओं का समग्र विकास और उनकी बराबर की भागीदारी सुनिश्चित करना ही मेरा लक्ष्य है।"

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.