_रमेश ठाकुर - बेतिया पश्चिम चंपारण,बिहार_
_दिनांक:-22-03-2025_
बेतिया, पश्चिमी चंपारण। सिविल सर्जन पश्चिमी चंपारण बेतिया एवं जिला एड्स नियंत्रण पदाधिकारी के निर्देशानुसार बिहार राज्य एड्स नियंत्रण समिति, पटना के तत्वाधान में खेखरीया टोला नड्डा में एक दिवसीय समेकित स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में क्षेत्र के लगभग 250 लोगों ने निशुल्क चिकित्सीय जांच कराकर आवश्यक परामर्श प्राप्त किया।
शिविर में एचआईवी, ब्लड शुगर, ब्लड प्रेशर, हेपेटाइटिस बी व सी सहित अन्य स्वास्थ्य संबंधी जांचें की गईं। इसके साथ ही, उपस्थित लोगों को विभिन्न बीमारियों से बचाव, उपचार एवं रोकथाम के उपायों के बारे में जागरूक किया गया।
इस मौके पर कृपा शंकर (CHO), दानवीर (CHO), शिवशरण साह (LT), सुबोध पाण्डेय (LT), रामकिशोर शर्मा, कांत, माला पांडे और रमेश रंजन ने अपनी सेवाएं दीं। इसके अलावा, आशा कार्यकर्ता एवं आशा फेसिलिटेटर सुनीता देवी ने भी शिविर में विशेष सहयोग प्रदान किया।
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि समेकित जांच शिविर का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को सुलभ बनाना और लोगों को विभिन्न रोगों के प्रति जागरूक करना है। इस दौरान लोगों को एड्स और अन्य संक्रामक रोगों से बचाव के लिए आवश्यक जानकारी दी गई।
स्थानीय ग्रामीणों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के शिविरों से गांवों में स्वास्थ्य सुविधाओं की पहुंच आसान होती है और लोग समय रहते अपनी बीमारियों की पहचान कर उचित उपचार प्राप्त कर सकते हैं।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, भविष्य में भी विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों में इस तरह के शिविरों का आयोजन किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक लोगों को इसका लाभ मिल सके।
