_रमेश ठाकुर - बगहा, पश्चिम चंपारण (बिहार)_
_दिनांक: 28-02-2025_
बगहा 1 प्रखंड कार्यालय परिसर में शुक्रवार को दिवंगत सांसद जननायक बैद्यनाथ प्रसाद महतो की पाँचवीं पुण्यतिथि के अवसर पर भव्य निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में मरीजों को चिकित्सा सुविधाएँ उपलब्ध कराई गईं। शिविर का आयोजन बाल्मीकिनगर सांसद सुनील कुमार के नेतृत्व में जननायक बैद्यनाथ प्रसाद महतो सेवा समिति के बैनर तले किया गया, जिसमें क्षेत्र के तमाम प्रमुख जनप्रतिनिधि, डॉक्टर और समाजसेवी शामिल हुए।
स्वास्थ्य शिविर में बगहा अनुमंडल अस्पताल, पीएचसी बगहा 1 और 2 के अलावा लखनऊ, नरकटियागंज और पटना से आए विशेषज्ञ चिकित्सकों ने भाग लिया। लगभग 500 मरीजों को मुफ्त चिकित्सीय परामर्श दिया गया और आवश्यक दवाएँ वितरित की गईं। पटना के प्रसिद्ध शंकर ज्योति नेत्रालय की टीम ने आँखों की जाँच कर मरीजों को उचित परामर्श दिया। इसके अलावा ब्लड प्रेशर, डायबिटीज और फाइलेरिया जैसी बीमारियों की जाँच भी की गई।
बाल्मीकिनगर सांसद सुनील कुमार ने कहा,
"मेरे पिताजी का आशीर्वाद और उनके दिए संस्कार ही मुझे जनता की सेवा के लिए प्रेरित करते हैं। मानवता की सेवा ही सच्ची सेवा है। जनप्रतिनिधि जनता की भलाई के लिए होते हैं, यह मैंने अपने पिताजी से सीखा है। उनके दिखाए रास्ते पर चलते हुए मैं आजीवन समाजसेवा करता रहूंगा। उनकी पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि स्वरूप आज तीन स्थानों पर स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए गए हैं।"
शिविर का उद्घाटन पूर्व सांसद कैलाश बैठा, पूर्व विधायक प्रभात रंजन सिंह, अस्पताल उपाधीक्षक डॉ. अशोक कुमार तिवारी और अन्य जदयू नेताओं ने किया। इस मौके पर विभिन्न राजनीतिक और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे।
इस चिकित्सा शिविर में मरीजों का इलाज करने के लिए विशेषज्ञ डॉक्टरों की एक बड़ी टीम मौजूद थी, जिनमें प्रमुख रूप से डॉ. तारिक नदीम, डॉ. बासु, डॉ. अंजुम आरा, डॉ. प्रभात, डॉ. अतुल कुमार राय, डॉ. गौतम, डॉ. प्रभात कुमार, डॉ. अतुल कुमार और जिला पर्यवेक्षक रमेश रंजन शामिल रहे।
इस अवसर पर एनडीए के विभिन्न नेतागण, सामाजिक कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में मरीज उपस्थित रहे। आयोजकों ने कहा कि भविष्य में भी इस प्रकार के जनहितकारी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिससे आम लोगों को निःशुल्क और बेहतरीन स्वास्थ्य सेवाएँ मिल सकें।
गौरतलब है कि एक दिन पहले, इसी स्थान पर बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का जन्मदिन भी धूमधाम से मनाया गया था, जिसमें बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने भाग लिया था।
