_रमेश ठाकुर-रामनगर पश्चिमी चंपारण बिहार_
_दिनांक:- 24-02-2025_
रक्तदान को महादान कहा जाता है, और इसी सेवा कार्य को समर्पित प्रयासों के लिए रामनगर के उपसभापति सुजल सिंह को राष्ट्रीय रक्तनायक अवॉर्ड से सम्मानित किया गया। यह सम्मान NIFAA (नेशनल इंटीग्रेटेड फोरम ऑफ आर्टिस्ट्स एंड एक्टिविस्ट्स) द्वारा दिया गया, जो एक अंतरराष्ट्रीय स्तर की सामाजिक संस्था है। NIFAA के फाउंडर और चेयरमैन प्रितपाल सिंह पुन्नू जी ने पटना के मां ब्लड सेंटर सभागार में यह सम्मान प्रदान किया।
इस अवसर पर बिहार के सुप्रसिद्ध विद्वान कुमार अरुणोदय, मां ब्लड सेंटर के डायरेक्टर, प्रयास फाउंडेशन के दिलीप दुबे, और बिहार के विभिन्न सामाजिक संगठनों से जुड़े गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। इस सम्मान के जरिए पश्चिमी चंपारण के रामनगर क्षेत्र में रक्तदान के क्षेत्र में किए गए उत्कृष्ट कार्यों को मान्यता दी गई है।
पिछले 8 वर्षों से उपसभापति सुजल सिंह रक्तदान को बढ़ावा देने और जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराने के लिए मानव सेवा संगठन के माध्यम से सक्रिय रूप से कार्य कर रहे हैं। इस दौरान सैकड़ों जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराकर उनकी जान बचाने में मदद की गई है। रक्त की कमी से जूझ रहे मरीजों के लिए रक्तदान शिविर आयोजित किए गए, जागरूकता अभियानों के जरिए समाज में रक्तदान को लेकर फैली भ्रांतियों को दूर करने का कार्य किया गया और लोगों को इस पुण्य कार्य से जुड़ने के लिए प्रेरित किया गया।
इस अवसर पर उपसभापति सुजल सिंह ने NIFAA संस्था के प्रति आभार व्यक्त किया और कहा कि यह सम्मान केवल उनका नहीं बल्कि उन सभी रक्तदाताओं और समाजसेवियों का है, जिन्होंने इस मुहिम में योगदान दिया। उन्होंने कहा कि रक्तदान एक पवित्र कार्य है, जिससे हम अनगिनत जिंदगियों को बचा सकते हैं। इस सम्मान से प्रेरित होकर वे आगे भी मानव सेवा संगठन के माध्यम से रक्तदान अभियान को और अधिक मजबूती से आगे बढ़ाने के लिए संकल्पित हैं।
उन्होंने युवाओं से विशेष रूप से अपील की कि वे रक्तदान को लेकर जागरूक हों और अधिक से अधिक संख्या में इस अभियान से जुड़ें। रक्त की एक यूनिट किसी की जिंदगी बचा सकती है, और अगर हर स्वस्थ व्यक्ति वर्ष में कम से कम दो बार रक्तदान करे तो देश में रक्त की कभी कमी नहीं होगी।

