इग्नू की जून' 2020 सत्रांत परीक्षा 17 सितम्बर से प्रारंभ: समस्तीपुर कॉलेज इग्नू अध्ययन केंद्र के समन्वयक प्रोफेसर (डा०) कुशेश्व़र यादव ने क्षेत्रीय निदेशक, दरभंगा के हवाले से बताया है कि इग्नू की जून' 2020 सत्रांत परीक्षा, जो वैश्विक कोरोना महामारी के कारण समय पर सम्पादित नहीं हो सकी थी, अब 17 सितम्बर' 2020 से सभी निर्धारित केन्द्रों पर प्रारंभ होगी । संबंधित परीक्षार्थी अपने हॉल टिकट एवं वैध स्टूडेंट कार्ड के साथ परीक्षा में शामिल हो सकते हैं । समन्वयक प्रोफेसर यादव ने आगे बताया कि समस्तीपुर कॉलेज स्थित इग्नू अध्ययन केंद्र में सत्र जुलाई' 2020 में नामांकन की तिथि 15 सितम्बर तक के लिए बढ़ा दी गयी है । उक्त निर्णय इग्नू केन्द्रीय विश्वविद्यालय के आदेशानुसार लिया गया है जो कोरोना के कारण लगाए गए लॉकडाउन के चलते नामांकन से वंचित छात्र-छात्राओं के लिए एक अवसर है ।
