Type Here to Get Search Results !

माननीय अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने पटना के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों एवं राहत शिविरों का किया निरीक्षण*

बिहार विधान सभा के माननीय अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने आज पटना जिले के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर राहत एवं बचाव कार्यों तथा प्रभावित लोगों के लिए की गई व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने दीघा घाट क्षेत्र, कुर्जी घाट, जे.पी. गंगा पथ के आसपास तथा बिंद टोली स्थित राहत शिविरों का निरीक्षण किया।


माननीय अध्यक्ष ने राहत शिविरों में मूलभूत सुविधाओं, स्वास्थ्य सेवाओं एवं भोजन-पेयजल की व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने राहत शिविरों में रह रहे बाढ़ पीड़ितों से संवाद कर उनकी समस्याओं और आवश्यकताओं की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान उन्होंने सामूहिक रसोईघर का भी मुआयना किया और भोजन की गुणवत्ता एवं वितरण व्यवस्था की जानकारी ली।

उन्होंने कहा कि बिंद टोली स्थित राहत शिविर में लगभग 3,000 लोग और दीघा घाट के समीप स्थित राहत शिविर में लगभग 2,500 लोग रह रहे हैं । राहत शिविरों में साफ–सफाई, चिकित्सकों एवं दवाई तथा पशु चिकित्सा एवं पशुओं के लिए दवाई का समुचित प्रबंध किया गया है। बाढ़ प्रभावित परिवारों के बच्चों की पढ़ाई–लिखाई के लिए राहत शिविरों में अस्थायी विद्यालय के प्रबंध किए गए हैं। 


माननीय अध्यक्ष ने कहा कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में त्वचा संबंधी रोगों एवं वायरल संक्रमण के मामले आ रहे हैं, जिनके इलाज की समुचित व्यवस्था की गई है। शिविरों में पर्याप्त संख्या में चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों की उपलब्धता के साथ–साथ आवश्यक दवाइयों एवं एम्बुलेंस की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।  

माननीय अध्यक्ष ने पशु शेल्टर का भी निरीक्षण किया तथा वहां संरक्षित पशुओं, विशेषकर गौ माता को चारा खिलाकर उनकी सेवा की। उन्होंने पशुओं के लिए उपलब्ध चारा, पानी और चिकित्सा सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि आपदा की इस परिस्थिति में मानव जीवन के साथ-साथ पशुधन की सुरक्षा और देखभाल को भी प्राथमिकता में रखा गया है।


माननीय अध्यक्ष ने कहा कि बाढ़ प्रभावित लोगों को राहत पहुंचाना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। प्रशासन एवं संबंधित विभागों को निर्देश दिया गया है कि राहत शिविरों में उपलब्ध सुविधाओं की लगातार निगरानी करते हुए आवश्यकतानुसार उनमें तत्काल सुधार किया जाए, ताकि प्रभावित लोगों को सुरक्षित एवं सम्मानजनक वातावरण मिल सके। अध्यक्ष ने बिहार सरकार द्वारा बाढ़ पीड़ितों की व्यवस्था की सराहना की।


माननीय अध्यक्ष ने पटना के जिलाधिकारी श्री कुंदन कुमार से बात कर राहत शिविरों में की गई व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त किया।


इस अवसर पर पाटलिपुत्र को-ऑपरेटिव बैंक के श्री रितेश जी, बख्तियारपुर व्यापार मंडल के अध्यक्ष श्री जितेंद्र जी, श्री रणविजय रौशन, श्री राजकुमार सिंह, दीघा विधान सभा क्षेत्र से माननीय सदस्य श्री संजीव चौरसिया के प्रतिनिधि सहित स्थानीय सामाजिक कार्यकर्ता श्री मुकेश शास्त्री, श्री रणजीत चंद्रवंशी एवं अन्य व्यक्ति उपस्थित रहे।


*उप निदेशक*

*बिहार विधान सभा,पटना।*

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.