Type Here to Get Search Results !

उपभोक्ता जागरूकता अभियान तेज — साइबर सुरक्षा, स्मार्ट मीटर सुविधा और सौर योजना के लाभ से जोड़ने की पहल!*

 _रमेश ठाकुर_ 

 _रामनगर-नरकटियागंज,_ _प०चम्पारण (बिहार)_ 

 _21-02-2026_ 


बगहा। North Bihar Power Distribution Company Limited (NBPDCL) एवं South Bihar Power Distribution Company Limited (SBPDCL) ने विद्युत उपभोक्ताओं को साइबर ठगी से बचने के लिए महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश जारी किए हैं। विभाग ने स्पष्ट किया है कि वह किसी भी उपभोक्ता से फोन पर ओटीपी, सीवीवी या बैंक से जुड़ी गोपनीय जानकारी नहीं मांगता है और न ही किसी प्रकार का संदिग्ध लिंक भेजता है। उपभोक्ताओं से अपील की गई है कि अंजान कॉल, मैसेज या लिंक से सतर्क रहें तथा अपनी बैंक डिटेल किसी के साथ साझा न करें।

विभाग ने बताया कि बिजली बिल भुगतान के लिए केवल आधिकारिक पोर्टल nbpdcl.co.in / sbpdcl.co.in या अधिकृत मोबाइल ऐप का ही उपयोग करें। स्मार्ट मीटर उपभोक्ता “बिहार बिजली स्मार्ट मीटर” ऐप के माध्यम से अपनी प्रतिदिन की खपत, मौजूदा बैलेंस और रिचार्ज संबंधी जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। साइबर फ्रॉड की स्थिति में नजदीकी साइबर सेल या राष्ट्रीय हेल्पलाइन नंबर 1930 पर तत्काल शिकायत दर्ज कराने की सलाह दी गई है।

इसके अलावा विभाग ने उपभोक्ताओं से प्रत्येक माह समय पर बिल भुगतान करने और विभाग द्वारा प्रदत्त छूट का लाभ उठाने का आग्रह किया है। साथ ही चेतावनी दी गई है कि बिजली मीटर बायपास करना या अन्य किसी तरीके से बिजली चोरी करना दंडनीय अपराध है, जिसमें भारी जुर्माना एवं कानूनी कार्रवाई का प्रावधान है।

इसी क्रम में आगामी शनिवार को सभी प्रखंड सभागारों में “प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना” विषय पर कार्यशाला आयोजित की जाएगी। इस कार्यशाला में विद्युत विभाग के पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी (BDO), प्रखंड स्तरीय अधिकारी एवं संबंधित सोलर एजेंसियों के प्रतिनिधि भाग लेंगे। कार्यशाला के माध्यम से योजना की विस्तृत जानकारी एवं आवेदन प्रक्रिया पर चर्चा की जाएगी, ताकि अधिक से अधिक उपभोक्ता योजना का लाभ उठा सकें।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.