_रमेश ठाकुर - रामनगर पश्चिम चंपारण_
_दिनांक:- 17-02-2026_
चंपारण। पूर्व वरिष्ठ नौकरशाह सह संस्थापक बाबु धाम ट्रस्ट एपी पाठक अपनी धर्मपत्नी एवं ट्रस्ट अध्यक्षा मंजूबाला पाठक के साथ 17 फरवरी से 22 फरवरी 2026 तक वाल्मिकीनगर लोकसभा क्षेत्र के भ्रमण पर रहेंगे। इस दौरान वे विभिन्न सामाजिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों में सहभागिता करेंगे।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 17 फरवरी को उनका चंपारण आगमन होगा। आगमन के उपरांत वे स्थानीय ग्रामीण प्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं बुद्धिजीवियों से मुलाकात कर क्षेत्रीय मुद्दों पर चर्चा करेंगे।
18 फरवरी को बड़गो में प्रस्तावित हनुमान मंदिर प्राण-प्रतिष्ठा कार्यक्रम के अंतर्गत कलश यात्रा एवं विशेष पूजा का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर एपी पाठक अपनी धर्मपत्नी मंजूबाला पाठक के साथ मुख्य यजमान के रूप में विधिवत पूजन में सहभागिता करेंगे।
19 फरवरी को वे वाल्मिकीनगर लोकसभा क्षेत्र की विभिन्न विधानसभाओं के गांवों में सामाजिक संवाद कार्यक्रम में भाग लेंगे। इस दौरान शिक्षा, महिला सशक्तिकरण एवं युवाओं से जुड़े विषयों पर चर्चा की जाएगी। साथ ही प्राण-प्रतिष्ठा कार्यक्रम की अंतिम तैयारियों की समीक्षा भी की जाएगी।
20 फरवरी (शुक्रवार) को बड़गो में हनुमान मंदिर का मुख्य प्राण-प्रतिष्ठा समारोह आयोजित होगा। एपी पाठक मुख्य यजमान के रूप में पूजन, हवन एवं प्राण-प्रतिष्ठा अनुष्ठान संपन्न करेंगे। कार्यक्रम में सामूहिक भंडारे का आयोजन भी होगा, जिसमें ग्रामवासियों की व्यापक सहभागिता रहेगी तथा आगंतुक अतिथियों का स्वागत किया जाएगा।
21 फरवरी को वे वाल्मिकीनगर लोकसभा अंतर्गत विभिन्न विधानसभाओं में सामाजिक एवं सांस्कृतिक बैठकों में भाग लेंगे तथा युवाओं एवं स्वयंसेवी संगठनों के साथ संवाद करेंगे।
22 फरवरी को क्षेत्र के विभिन्न गांवों में व्यापक जनसंपर्क कार्यक्रम आयोजित होगा, जिसमें किसानों एवं नौजवानों की समस्याओं पर चर्चा कर समाधान के प्रयास किए जाएंगे। इसी दिन चंपारण भ्रमण का समापन होगा। कार्यक्रम के अनुसार एपी पाठक अगले माह पुनः चंपारण आगमन करेंगे।
