Type Here to Get Search Results !

*घूस नहीं तो काम नहीं! राजस्व कर्मचारी को SVU ने रंगे हाथ पकड़ा*

 


_रमेश ठाकुर - पश्चिम चंपारण,बिहार_

_दिनांक:- 20-01-2026_


भ्रष्टाचार के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत विशेष निगरानी इकाई (SVU) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पंचायत–फरही, अंचल–नरपतगंज, जिला–अररिया में पदस्थापित राजस्व कर्मचारी इश्तेयाज आलम को 15 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।

SVU द्वारा मिली जानकारी के अनुसार, इश्तेयाज आलम (पिता–मुस्तफा जमाल) पर ऑनलाइन दाखिल–खारिज के बाद परिवादी के नाम एवं रकबा में सुधार करने के एवज में रिश्वत मांगने का आरोप था। इस संबंध में कमलेश्वरी यादव (पिता–तारणी यादव), ग्राम–रामघाट कोषकापुर, थाना–नरपतगंज, जिला–अररिया द्वारा विशेष निगरानी इकाई, पटना में शिकायत दर्ज कराई गई थी।

विशेष निगरानी इकाई के अपर पुलिस महानिदेशक पंकज कुमार दराद ने बताया कि शिकायत की सत्यता की जांच कराई गई, जिसमें आरोप सही पाया गया। सत्यापन के दौरान आरोपी राजस्व कर्मचारी द्वारा स्पष्ट रूप से यह कहा गया कि जब तक 15 हजार रुपये नहीं दिए जाएंगे, तब तक ऑनलाइन रिकॉर्ड में सुधार नहीं किया जाएगा।


शिकायत सत्यापित होने के बाद आरोपी के विरुद्ध विशेष निगरानी इकाई थाना कांड संख्या–03/2026, दिनांक 20.01.2026 के तहत भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधित 2018) की धारा–7 में प्राथमिकी दर्ज की गई। इसके बाद वरीय पुलिस उपाधीक्षक संजय कुमार वर्मा के नेतृत्व में गठित SVU की टीम ने कार्रवाई करते हुए इश्तेयाज आलम को रिश्वत की राशि स्वीकार करते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।


SVU ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ की जा रही है तथा मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई एवं अनुसंधान जारी है।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.