_रमेश ठाकुर - बेतिया पश्चिम चंपारण_
_दिनांक:- 15-12-2025_
पुलिस अधीक्षक महोदय, पश्चिम चंपारण (बेतिया) द्वारा जिले में लंबित आपराधिक कांडों की समीक्षा के दौरान अक्टूबर 2025 एवं नवंबर 2025 में प्रतिवेदित मामलों के निष्पादन के आधार पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों को चिन्हित किया गया है।
समीक्षा में यह पाया गया कि कांडों के त्वरित एवं प्रभावी निष्पादन में उल्लेखनीय योगदान देने के लिए पुलिस निरीक्षक संतोष कुमार शर्मा, पर्यवेक्षी पदाधिकारी, शिकारपुर अंचल को बेतिया जिला अंतर्गत उत्कृष्ट अंचल निरीक्षक / पर्यवेक्षी पदाधिकारी (Best Supervisory Officer) के रूप में चयनित किया गया है। उनके पर्यवेक्षण में जहां कुल 118 कांड प्रतिवेदित हुए, वहीं 145 कांडों का सफल निष्पादन कराया गया, जो उनके कार्यकुशल नेतृत्व को दर्शाता है।
वहीं उत्कृष्ट थानाध्यक्ष (Best SHO) के रूप में पुलिस निरीक्षक रमेश कुमार शर्मा, थानाध्यक्ष, लौरिया थाना को चिन्हित किया गया है। उनके नेतृत्व में लौरिया थाना अंतर्गत 59 प्रतिवेदित कांडों के विरुद्ध 80 कांडों का निष्पादन किया गया, जो अपराध नियंत्रण की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है।
पुलिस अधीक्षक महोदय द्वारा दोनों अधिकारियों के कार्यों की सराहना करते हुए कहा गया कि इस प्रकार का उत्कृष्ट प्रदर्शन न केवल पुलिस बल का मनोबल बढ़ाता है, बल्कि जिले में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ करने में भी अहम भूमिका निभाता है।
बेतिया पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अपराध नियंत्रण, त्वरित अनुसंधान एवं न्यायिक प्रक्रिया को गति देने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह प्रतिबद्ध है और आगे भी इसी समर्पण के साथ कार्य करती रहेगी।
