_रमेश ठाकुर_
_रामनगर-नरकटियागंज_ _प०चम्पारण (बिहार)_
_27-09-2025_
बेतिया। दुर्गा पूजा, दीपावली और छठ महापर्व को लेकर बेतिया पुलिस ने जिलेवासियों को एक अनूठा तोहफ़ा दिया है। पुलिस अधीक्षक शौर्य सुमन के निर्देशन में “सुरक्षित सफर सुविधा” के तहत निःशुल्क बस सेवा शुरू की गई है, जिससे देर रात यात्रा करने वाले लोगों को अब असुविधा और असुरक्षा का सामना नहीं करना पड़ेगा।
यह बस सेवा प्रतिदिन रात 9 बजे से सुबह 6 बजे तक उपलब्ध रहेगी। बसें बेतिया रेलवे स्टेशन से यात्रियों को लेकर बस स्टैंड, आईटीआई चौक, चेक पोस्ट, सोवा बाबू चौक, राजदेवड़ी, तीन लालटेन चौक होते हुए समाहरणालय चौक और अन्य सुरक्षित गंतव्यों तक पहुंचाएंगी। यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए बसों में पुलिसकर्मी भी तैनात रहेंगे, जो जरूरत पड़ने पर हर संभव मदद करेंगे।
पुलिस का कहना है कि पर्वों के दौरान यात्रियों की भीड़ और देर रात आवाजाही बढ़ जाती है। कई बार स्टेशन या बस स्टैंड पर लोगों को परेशानी और असुरक्षा झेलनी पड़ती है। इसी समस्या को दूर करने के लिए यह पहल की गई है, ताकि लोग निश्चिंत होकर अपने गंतव्य तक पहुंच सकें।
स्थानीय लोगों ने पुलिस अधीक्षक शौर्य सुमन और पूरी बेतिया पुलिस टीम की इस पहल की जमकर सराहना की है। उनका कहना है कि इस निःशुल्क बस सेवा से न केवल आम नागरिकों को राहत मिलेगी, बल्कि पुलिस और जनता के बीच भरोसे का रिश्ता और गहरा होगा। त्योहारों के मौके पर शुरू की गई यह पहल बेतिया जिले के लिए एक अनुकरणीय उदाहरण बनकर सामने आई है।

