रमेश ठाकुर
रामनगर - नरकटियागंज, प०चम्पारण (बिहार)
09-07-2025
बगहा। बिहार में इंडिया गठबंधन के आह्वान पर मंगलवार को महागठबंधन ने बगहा में जोरदार चक्का जाम कर मतदाता सूची के संपूर्ण निरीक्षण के खिलाफ अपना आक्रोश जाहिर किया।
इस विरोध प्रदर्शन में महागठबंधन के जिला अध्यक्ष, युवा नेता, महिला मोर्चा की प्रतिनिधियां और सैकड़ों समर्थकों ने एकजुट होकर हिस्सा लिया। उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार से इस फैसले को अविलंब वापस लेने की मांग की।
नेताओं ने कहा कि मतदाता सूची का यह निरीक्षण लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सीधा हस्तक्षेप है और इससे आम नागरिकों के मताधिकार को कमजोर करने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने इसे लोकतंत्र पर सीधा हमला करार देते हुए कहा कि सरकार जानबूझकर लोगों के अधिकार छीनने की साजिश कर रही है।
प्रदर्शनकारियों ने शांतिपूर्ण ढंग से सड़कों पर बैठकर यातायात पूरी तरह से बाधित कर दिया, जिससे शहर में लंबा जाम लगा रहा और लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
नेताओं ने चेतावनी दी कि अगर उनकी मांगें जल्द नहीं मानी गईं, तो आने वाले दिनों में आंदोलन और भी उग्र रूप ले सकता है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र और मतदाताओं के अधिकार की रक्षा के लिए हर स्तर पर संघर्ष जारी रहेगा।
विरोध प्रदर्शन के दौरान पुलिस प्रशासन और स्थानीय अधिकारियों ने स्थिति पर नजर बनाए रखी और किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे।

