_रमेश ठाकुर - बगहा पश्चिम चंपारण,बिहार_
_दिनांक:- 07-07-2025_
भारत सरकार के पूर्व नौकरशाह और बाबू धाम ट्रस्ट के संस्थापक एपी पाठक इन दिनों चंपारण दौरे पर हैं। अपने इस दौरे के तहत वे बगहा और नरकटियागंज विधानसभा क्षेत्रों में जनसंपर्क अभियान चला रहे हैं, जिसमें आम जनता से मिलकर उनकी समस्याएं सुन रहे हैं और समाधान के प्रयास भी कर रहे हैं।
गंडक नदी के किनारे बसे इलाकों का निरीक्षण करते हुए एपी पाठक ने संभावित कटाव क्षेत्रों की समीक्षा की। उन्होंने बताया कि हर वर्ष बाढ़ के कारण चंपारण के हजारों किसान प्रभावित होते हैं, इसलिए समय रहते पूर्व तैयारी और उचित योजना बनाना बेहद जरूरी है। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों से मुलाकात कर स्थलीय स्थिति की जानकारी साझा की और जरूरी सुझाव भी दिए।
गौरतलब है कि एपी पाठक वर्षों से चंपारण की बाढ़ और उससे होने वाली तबाही को लेकर सक्रिय भूमिका निभाते आ रहे हैं। वे नियमित तौर पर बरसात से पहले संभावित आपदा स्थलों का दौरा करते हैं और प्रभावित क्षेत्रों की समस्याओं पर काम करते हैं।
अपने पैतृक गांव बड़गो में भी एपी पाठक प्रतिदिन सुबह “जनता दर्शन” कार्यक्रम के तहत सैकड़ों लोगों से मिलते हैं और उनकी समस्याओं का समाधान करते हैं। किसानों की बदहाली, बाढ़ से नष्ट फसलें, जर्जर सड़कों, बंद पड़े नालों और बाजारों की स्थिति को लेकर उन्होंने गहरी चिंता जताई।
संवाददाताओं से बात करते हुए उन्होंने कहा, “हर साल चंपारण में लाखों हेक्टेयर फसल बाढ़ की चपेट में आ जाती है, जिससे किसानों की आय राष्ट्रीय औसत से काफी नीचे है। मेरा प्रयास है कि समय रहते समाधान की दिशा में ठोस पहल हो और किसानों की स्थिति सुधरे। जब तक जीवन है, मैं इस सेवा कार्य को करता रहूंगा।”
समाजसेवा में सक्रिय एपी पाठक के प्रयासों से अब तक हजारों किसानों, उनके समूहों और परिवारों को राहत और स्थायी लाभ मिला है। उनके द्वारा चलाए जा रहे मिशन से प्रभावित लोग लगातार जुड़ते जा रहे हैं।

