उत्तर प्रदेश:- अमेठी /गौरीगंज-10 अगस्त 2022 को जिलाधिकारी राकेश कुमार मिश्र की अध्यक्षता में आज कलेक्ट्रेट सभागार में कृषि तकनीकी प्रबंध अभिकरण (आत्मा) योजनान्तर्गत गवर्निंग बोर्ड की बैठक संपन्न हुई। समीक्षा बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने गवर्निंग बोर्ड की बैठक में संचालित योजनाओं की समीक्षा करते हुए कहा कि सरकार द्वारा किसानों के हित में संचालित योजनाओं का लाभ पारदर्शिता के साथ अधिक से अधिक पात्र किसानों को दिलाया जाय जिससे उनकी आय में वृद्धि हो सके। उन्होंने कहा कि जनपद के प्रगतिशील कृषकों को ऐसे अनुसंधान केंद्रों का भ्रमण कराया जाए जहां किसी उद्यानीकरण के साथ-साथ अन्य कार्यक्रम भी संचालित होते हैं जिससे कृषक अपनी फसल उत्पादन के साथ-साथ बागवानी, पशुपालन, मछली पालन, आदि का भी प्रशिक्षण प्राप्त कर अपने आय के स्रोतों में बढ़ोतरी कर सके। उन्होंने सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिया कि योजना अंतर्गत प्राप्त लक्ष्य की प्राप्ति निर्धारित समय सीमा के अंदर पूर्ण करना सुनिश्चित करें।
समीक्षा बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने कृषि विभाग, उद्यान विभाग, मत्स्य पालन विभाग, पशुपालन विभाग व अन्य संबंधित विभाग के अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि किसानों की समस्याओं, समुचित संसाधनों की उपलब्धता, खाद्य सुरक्षा समूह का गठन, कृषक मेला, कृषक गोष्ठी, ग्राम स्तरीय, जनपद स्तरीय, राज्य स्तरीय, अंतर्राज्य स्तरीय कृषक भ्रमण, कृषक प्रशिक्षण, कृषक प्रदर्शन, प्रसार कार्मिक एवं वैज्ञानिकों का भ्रमण समय-समय पर आयोजित किए जाएं। जिलाधिकारी ने कहा कि योजना का उद्देश्य समग्र उत्पादन, कृषक समूहों का गठन, खाद्य सुरक्षा समूह गठन व कृषक जिज्ञासाओं/समस्याओं का निराकरण करना है। बैठक के दौरान मुख्य विकास अधिकारी डा. अंकुर लाठर, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व एके सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक वीके पांडेय, अतिरिक्त मजिस्ट्रेट सचिन यादव, उप निदेशक कृषि डा. सत्येंद्र चौहान, जिला विकास अधिकारी तेजभान सिंह, पीडी आशुतोष दूबे, जिला कृषि अधिकारी अखिलेश पांडेय, जिला अग्रणी बैंक प्रबंधक विमल कुमार गुप्ता सहित अन्य संबंधित अधिकारी सहित किसान बन्धु मौजूद रहे।
*written by vasi khan-amethi up.*

