Type Here to Get Search Results !

सरकारी शिक्षक का कारनामा पंचायत चुनाव में सरपंच प्रत्याशी के लिए किया प्रचार :



चुनाव आयोग और अधिकारियों के आदेशों और निर्देशों को ठेंगा दिखा वोट मांगते घूम रहा सरकारी शिक्षक, वीडियो वायरल

मामला नरकटियागंज प्रखण्ड अंतर्गत बिनवलिया पंचायत का, एसडीएम ने दिए जांच और कार्रवाई का निर्देश

मंझरिया प्राथमिक विद्यालय में कार्यरत है शिक्षक नौशाद अहमद उर्फ सज्जाद अहमद

पश्चिमी चम्पारण जिले के नरकटियागंज प्रखण्ड अंतर्गत बिनवलिया पंचायत में चुनाव आयोग और सरकारी आदेशों को ठेंगा दिखाते हुए एक सरकारी शिक्षक द्वारा पंचायत चुनाव में सरपंच प्रत्याशी के साथ घूमकर चुनाव प्रचार में सरपंच प्रत्याशी के लिए वोट मांगने का मामला प्रकाश में आया है। इस पूरे प्रकरण का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी के साथ वायरल हो रहा है। मामला संज्ञान में आते ही एसडीएम धनंजय कुमार द्वारा निर्वाची पदाधिकारी और सहायक निर्वाची पदाधिकारी को मामले में जांच का आदेश देते हुए, उक्त शिक्षक पर कड़ी कार्रवाई के लिए निर्देश भी जारी किया गया है। 

पेशे से शिक्षक लेकिन सरपंच प्रत्याशी के लिए चुनाव प्रचार कर रहे सज्जाद अहमद
मिली जानकारी के मुताबिक बिनवलिया पंचायत में सरपंच प्रत्याशी सबरुन नेशा के पति शेख दाऊद के साथ गुरुवार को सुबह करीब 8 बजे के आसपास महुअवा गांव में सरकारी शिक्षक नौशाद अहमद उर्फ सज्जाद अहमद को जनसंपर्क करते तथा वोट मांगते देखा गया, जिसका इसका वीडियो और फोटो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। शिक्षक नौशाद उर्फ सज्जाद अहमद बिनवलिया पंचायत स्थित मंझरिया प्राथमिक विद्यालय में शिक्षक के रूप में कार्यरत है और इनके द्वारा प्रत्याशी के लिए खुलेआम प्रचार और वोट मांगे जाने को लेकर क्षेत्र में चर्चाओं का दौर कायम है। 

मामले में दिए गए जांच के आदेश, होगी सख्त कार्रवाई : एसडीएम
उक्त मामला संज्ञान में आते ही एसडीएम धनंजय कुमार द्वारा पूरे प्रकरण की जांच कर कार्रवाई के लिए निर्वाची पदाधिकारी सह बीडीओ सतीश कुमार तथा सहायक निर्वाची पदाधिकारी सह अंचलाधिकारी राहुल कुमार को निर्देश दिया गया है। उन्होंने कहा कि चुनाव प्रचार में किसी भी सरकारी पद पर कार्यरत व्यक्ति को शामिल नहीं होना है। मामला काफी गंभीर है, जिसको लेकर जांच और कार्रवाई का निर्देश जारी किया गया है। तो वही निर्वाची पदाधिकारी सह बीडीओ सतीश कुमार ने कहा कि उक्त शिक्षक की पहचान करायी जा रही है, उससे स्पष्टीकरण की मांग की जाएगी, उसके बाद अग्रेतर कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.