औरंगाबाद : आज जिला पदाधिकारी श्री सौरभ जोरवाल एवं पुलिस अधीक्षक श्री कांतेश कुमार मिश्रा द्वारा मदनपुर प्रखंड के उमगा मंदिर का स्थलीय निरीक्षण किया गया।
विदित है कि उमगा एक प्राचीन मंदिर है। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि इस मंदिर का शिखर बाहर की ओर खिसक गया है। शिखर की बैरिकेडिंग करके ठीक करने का निर्देश संबंधित पदाधिकारी को दिया गया।
बारिश के मौसम में मंदिर की सीलिंग से पानी टपकने से क्रैक्स उत्पन्न हो गए हैं जिन्हें सील किया जाना है। जिसके लिए आवश्यक कार्रवाई करने हेतु संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया।
बताया गया कि मंदिर के नीचे के बौल्डर्स खिसक जाने से उत्पन्न समस्याओं के निराकरण हेतु विशेषज्ञ की राय लेने की आवश्यकता है। इसके साथ ही मंदिर के सीढ़ियों की मरम्मती कराकर इसके रैलिंग्स को सुदृढ़ किया जाना है। बताया गया कि उपर्युक्त प्रयोजन हेतु भारतीय पुरातत्व विभाग एवं अन्य विशेषज्ञ की सहायता ली जाएगी।
इस अवसर पर सामान्य शाखा प्रभारी सह वरीय उप समाहर्ता मनीष कुमार, प्रखंड विकास पदाधिकारी मदनपुर एवं अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।