उप संपादक : मंजय लाल सत्यम
कोषांगों को स्टाॅक पंजी अनिवार्य रूप से संधारण करने का निदेश
कोविड-19 से संबंधित सभी प्रोटोकाॅल का शत-प्रतिशत अनुपालन करें कोषांगों के प्रभारी: कुंदन कुमार
बेतिया। जिला निर्वाची पदाधिकारी कुंदन कुमार ने रविवार को समाहरणालय सभाकक्ष में निर्वाचन से संबंधित विभिन्न कोषांगों के कार्य की गहन समीक्षा की। इस दौरान जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने कोषांगों में स्टाॅक पंजी का संधारण अनिवार्य रूप से करने का निदेश दिया। निर्वाचन विभाग के जारी निदेश के आलोक में ही सभी कार्य को सुगमतापूर्वक निष्पादित करने का निदेश भी दिया। जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने सभी कोषांगों के नोडल पदाधिकारियों को निदेश देते हुए कहा कि कोविड-19 से संबंधित सभी प्रोटोकाॅल का शत-प्रतिशत अनुपालन करने तथा कार्यस्थल पर अधिकारी एवं कर्मी मास्क अथवा फेसकवर का प्रयोग करना सुनिश्चित करेंगे। इसके साथ ही दो गज की दूरी का अनुपालन आवश्यक रूप से करने का निदेश भी दिया है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र का महापर्व को सफलतापूर्वक सम्पन्न कराने के लिए सभी ईआरओ, सभी कोषांगो के नोडल पदाधिकारी, सभी कोषांगों के वरीय प्रभारी पदाधिकारी पूरी तत्परतापूर्वक अपने कर्तव्य एवं दायित्व का पालन करना है। किसी भी व्यक्ति द्वारा निर्वाचन को प्रभावित करने की कोशिश की जाय तो उसके विरूद्ध आदर्श आचार संहिता एक्ट के तहत आवश्यक कार्रवाई की जाय। जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि सभी कोषांगों के प्रभारी पदाधिकारी अपने कोषांगों से संबंधित रिपोर्ट अच्छी तरह से तैयार करेंगे। रिपोर्ट में किसी भी प्रकार की त्रुटि नहीं हो, इस बात का विशेष ध्यान रखेंगे। इसके साथ ही डाॅक्यूमेंटेशन बेहद ही अनिवार्य है। डाॅक्यूमेंटेशन कार्य अच्छी तरीके से कराया जाय जिससे निर्वाचन विभाग मांगने पर प्रस्तुत किया जा सके। प्रेक्षक कोषांग के नोडल पदाधिकारी को निदेश दिया गया कि जिले में स्वच्छ, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण निर्वाचन को सम्पन्न कराने को तैनात प्रेक्षक के आवासान, उनके लिए वाहन की व्यवस्था, आवश्यक निर्वाचन सामग्रियों से लैश फोल्डर, प्रेक्षक रिपोर्ट की समुचित व्यवस्था अद्यतन रखे, जिससे के मांगे जाने पर अविलंब उपलब्ध करायी जा सके। जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि जिला के सभी बूथों पर मास्क, थर्मल स्क्रीनिंग, ग्लब्स, पीपीई कीट्स पर्याप्त संख्या में उपलब्ध होने चाहिए। इस कार्य में सहायता हेतु एएनएम, आंगनबाड़ी सेविका-सहायिका, विकास मित्र की प्रतिनियुक्ति ससमय कर लें। जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने सभी कोषांगों के कार्यों की विस्तृत समीक्षा किया तथा संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिया। इस अवसर पर सभी ईआरओ सहित सभी कोषांगों के नोडल पदाधिकारी, वरीय प्रभारी पदाधिकारी उपस्थित रहे।
